
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में यूपी और पंजाब पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। यूपी और पंजाब पुलिस ने मुठभेड़ में तीन खालिस्तानी आतंकियों को मार गिराया है। मारे गए तीनों आतंकी खालिस्तानी कमांडो फोर्स के थे। इस दौरान भारतीय पुलिस को मौके से दो एके-47 और दो पिस्टल बरामद की हैं। तीनों ने गुरदासपुर चौकी पर ग्रेनेड फेंका था। पंजाब और यूपी पुलिस की संयुक्त टीम ने यह करवाई की है।


बता दें कि पूरनपुर क्षेत्र में हरदोई ब्रांच नहर के करीब सोमवार सुबह करीब पांच बजे मुठभेड़ हुई। मारे गए आतंकवादियों के नाम प्रताप सिंह (23) पुत्र स्वरूप सिंह, शाहनूर खुर्द कलानूर जिला गुरदास पुर, वीरेंद्र सिंह (23) पुत्र रंजीत सिंह, ऐशबान थाना कलानूर, गुरविंदर सिंह (20) पुत्र गुरदेव सिंह बुढिया कलानूर गुरदासपुर पंजाब हैं। बताया जा रहा है कि ये तीनों पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस चौकी पर हमले के मामले में वांछित थे।
पंजाब पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी। तीनों की लोकेशन पीलीभीत के पूरनपुर में मिली। यहां पीलीभीत पुलिस के सहयोग से पंजाब पुलिस ने सोमवार तड़के तीनों आरोपियों की घेराबंदी। हरदोई ब्रांच नहर के समीप पुलिस की मुठभेड़ हुई।
पूरा इलाका गोलियों से दहल उठा। आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। लोग समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर हुआ क्या है। पुलिस मुठभेड़ में घायल आरोपियों को लेकर सीएचसी पूरनपुर पहुंची, जहां तीनों को मृत घोषित कर दिया गया।
इस मुठभेड़ में दो सिपाही भी घायल हुए हैं। सिपाही सुमित राठी, थाना माधोटांडा और मोहम्मद शाहनवाज एसओजी शामिल हैं।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















