जेल परिसर में बनाया गया अस्थायी तालाब, कारा प्रशासन ने व्रतियों को पूजन सामग्री और नए वस्त्र कराए उपलब्ध
जहानाबाद। लोक आस्था का महापर्व छठ अब मंडल कारा, जहानाबाद में भी पूरे उत्साह, श्रद्धा और भक्तिमय माहौल में मनाया जा रहा है। जेल की चारदीवारी के भीतर भी भगवान सूर्य और छठी मइया के प्रति बंदियों की अटूट आस्था देखने को मिल रही है। इस वर्ष मंडल कारा में तीन महिला बंदियों समेत कुल आठ बंदी छठ व्रत कर रहे हैं। बंदियों की धार्मिक भावनाओं और आस्था का सम्मान करते हुए कारा प्रशासन की ओर से पर्व को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
कारा प्रशासन द्वारा सभी छठव्रतियों को पूजा के लिए आवश्यक सामग्री, प्रसाद तैयार करने के लिए सामग्री तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। व्रतियों की सुविधा और पर्व की पवित्रता को ध्यान में रखते हुए उनके लिए अलग वार्ड की व्यवस्था की गई है। वहीं, भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के लिए जेल परिसर के अंदर ही एक अस्थायी तालाब का निर्माण कराया गया है। तालाब को आकर्षक ढंग से सजाया-संवारा जा रहा है, ताकि बंदी पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ छठ पूजा कर सकें।
शनिवार को खरना के अवसर पर मंडल कारा में महाप्रसाद तैयार किया गया। इसके बाद बंदियों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान कारा अधीक्षक अजीत कुमार एवं उपाधीक्षक हेमांशु नारायण भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने पर्व को लेकर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और व्रतियों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
छठ व्रत करने वाले सभी बंदियों को एक-एक जोड़ी नए वस्त्र उपलब्ध कराए गए हैं। इसके साथ ही महिला बंदियों को भी नए कपड़े वितरित किए गए हैं। कारा प्रशासन की ओर से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि व्रत के दौरान किसी भी बंदी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में मंडल कारा में की गई यह पहल बंदियों की धार्मिक आस्था और भावनाओं के सम्मान का उदाहरण है। जेल परिसर में छठ पर्व को लेकर उत्साह का माहौल है। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
Jehanabad News: Chhath festival celebrated with fervor in the divisional jail; eight inmates, including three women, are observing the fast.

















