मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्यभर में किया योजना का शुभारंभ, लंबित आवेदनों का 30 दिनों में निष्पादन करने का निर्देश
जहानाबाद। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत जिले के 10,748 पात्र लाभार्थियों को नया राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया है। गुरुवार को बिहार के मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर में नवनिर्मित राशन कार्ड वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान राज्य के करीब 24 लाख लाभार्थियों को नए राशन कार्ड का लाभ दिया गया। वहीं, 1,448 नवचयनित जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को अनुज्ञप्ति भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में जहानाबाद की जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुईं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के निर्देश के आलोक में जिला पदाधिकारी ने जिले के 15 लाभार्थियों के बीच नए राशन कार्ड का वितरण किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पंचायत विकास दिवस और सहयोग शिविरों के माध्यम से शेष पात्र लाभार्थियों तक भी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। साथ ही विभिन्न विभागों में प्राप्त आवेदनों का निष्पादन 30 दिनों के भीतर सुनिश्चित करने को कहा गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद जिला पदाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को राशन कार्ड से जुड़े लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ उपलब्ध कराने तथा पंचायत विकास दिवस एवं सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों की नियमित समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
Jehanabad News: 10,748 people receive new ration cards; DM distributes them to 15 beneficiaries


















