साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, रोशनी और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश.
जहानाबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने शनिवार को जिले के मखदुमपुर, पलेया, सुगांव, कनौदी, जहानाबाद, दक्षिणी और मीरा बिगहा समेत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन पहुंचकर भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग की जाए तथा गहरे पानी और संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां चेतावनी संकेतक लगाए जाएं। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में गोताखोरों और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।डीएम ने घाटों और वहां तक पहुंचने वाले संपर्क मार्गों की साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल और चेंजिंग रूम जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आवागमन और भीड़ प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था करने पर जोर दिया।
विद्युत सुरक्षा को लेकर कार्यपालक अभियंता को सभी छठ घाटों और संपर्क मार्गों पर खुले एवं लटकते बिजली तारों की जांच कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने आवश्यकतानुसार इंसुलेशन, गार्ड वायरिंग और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के साथ घाटों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा।
वहीं, रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान यात्रियों और छठव्रतियों की संभावित भीड़ को देखते हुए साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और सुगम आवागमन की स्थिति का जायजा लिया।
डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों और नगर निकायों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ छठ पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि घाटों पर प्रशासन की ओर से निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें और बैरिकेडिंग के अंदर ही अर्घ्य अर्पित करें। साथ ही घाटों पर स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
Jehanabad News: District Magistrate visits Chhath ghats to assess safety and facilities; also inspects the railway station.


















