लेजर शो में दिखी छठ महापर्व की महिमा, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मोहा मन
जहानाबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ की महिमा, सूर्य उपासना और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिले के तीन प्रमुख छठ घाटों पर भास्कर महोत्सव-2026 का भव्य आयोजन किया गया। कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में यमुना-दरधा संगम घाट, सूर्य मंदिर छठ घाट काको और श्री कृष्णवंशी छठ घाट मखदुमपुर में आयोजित इस महोत्सव में लोक संस्कृति, संगीत, नृत्य और आध्यात्मिक परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिला। छठ के पारंपरिक लोकगीतों, आकर्षक लोकनृत्य, भव्य लेजर शो और गंगा आरती ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
यमुना-दरधा संगम घाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री ने किया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कलाकार और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि भास्कर महोत्सव का उद्देश्य भगवान भास्कर की आराधना, छठ महापर्व की महिमा और बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाना है। छठ महापर्व प्रकृति, सूर्य उपासना, पवित्रता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस तरह के आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति, समृद्धि और अमन-चैन की कामना की। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द, श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ महापर्व मनाने की अपील की।
लोकगीत और नृत्य की प्रस्तुति ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत राज्य संपोषित बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा छठ महापर्व पर आधारित पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति से हुई। छात्राओं ने अपनी सुरीली आवाज में छठ के पारंपरिक गीतों को प्रस्तुत कर घाट पर मौजूद लोगों को लोक आस्था के रंग में सराबोर कर दिया। इसके बाद मंथन कला परिषद के कलाकारों ने समूह लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। नृत्य के माध्यम से बिहार की लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक जीवन की झलक देखने को मिली। कलाकारों की प्रस्तुति पर दर्शकों ने खूब तालियां बजाईं।
लेजर शो में दिखाई गई छठ महापर्व की महिमा
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण छठ महापर्व पर आधारित भव्य लेजर शो रहा। इसमें छठ पर्व की उत्पत्ति, धार्मिक एवं सांस्कृतिक मान्यताओं और रामायण काल से जुड़ी परंपराओं को आकर्षक प्रकाश एवं दृश्य प्रभावों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। लेजर शो के जरिए भगवान सूर्य की आराधना और छठ व्रत के आध्यात्मिक महत्व को दर्शाया गया। आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत इस कार्यक्रम को देखने के लिए घाट पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
दीपों की रोशनी और मंत्रोच्चार के बीच हुई गंगा आरती
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समापन के बाद यमुना-दरधा संगम घाट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। दीपों की जगमगाहट, मंत्रोच्चार और आरती की धुन से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ सहभागिता की। संगम घाट का दृश्य आध्यात्मिक और आकर्षक नजर आया।
काको और मखदुमपुर में भी उमड़ी भीड़
भास्कर महोत्सव का आयोजन जिले के अन्य दो प्रमुख घाटों पर भी उत्साह के साथ किया गया। सूर्य मंदिर छठ घाट, काको में उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें घोसी विधायक ऋतुराज कुमार की उपस्थिति रही। वहीं, श्री कृष्णवंशी छठ घाट, मखदुमपुर में अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसमें मखदुमपुर विधायक सुबेदार दास शामिल हुए।
दोनों घाटों पर छठ महापर्व की आस्था और परंपराओं पर आधारित लोकगीतों की प्रस्तुति दी गई। कलाकारों ने पारंपरिक गीतों के माध्यम से छठ की महिमा का गुणगान किया। इसके बाद भव्य गंगा आरती आयोजित की गई। दीपों की रोशनी और भक्तिमय माहौल के बीच स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम का आनंद लिया। इस प्रकार जिले के तीन प्रमुख घाटों पर आयोजित भास्कर महोत्सव ने छठ महापर्व की धार्मिक आस्था के साथ बिहार की लोक संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में जहानाबाद विधायक राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, जिला नागरिक परिषद के उपाध्यक्ष विनोद प्रसाद गुप्ता, नगर परिषद की अध्यक्षा रूपा देवी, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Jehanabad News: Bhaskar Mahotsav celebrated with great fervor across three ghats; atmosphere turns devotional with Chhath songs and Ganga Aarti.


















