जहानाबाद। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शहर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में दुर्गा पूजा समन्वय समिति का गठन किया गया। समिति की बैठक सुरेश कुशवाहा की देखरेख में हुई, जिसमें सर्वसम्मति से पदाधिकारियों एवं सदस्यों का चयन किया गया।
बैठक में विजय कुमार सत्कार को समिति का अध्यक्ष, रिजु साव को सचिव तथा रामजी गुप्ता को कोषाध्यक्ष बनाया गया। वहीं सुनील कुमार, शशांक, धीरज कुमार, मोनू कुमार एवं सुभाष साहनी को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। वीरभद्र उर्फ गप्पू सिन्हा को मीडिया प्रभारी बनाया गया। इसके अलावा कई अन्य सदस्यों को भी समिति में शामिल किया गया।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, पूजा पंडालों में आवश्यक व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य तैयारियों पर चर्चा की गई। जुलूस और प्रतिमा विसर्जन के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा यातायात व्यवस्था में सहयोग करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्गा पूजा आपसी भाईचारे और सौहार्द का पर्व है। समिति का प्रयास रहेगा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। सभी पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाएगा।
समिति के सदस्यों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग करने की बात कही। साथ ही सभी पूजा समितियों से समय पर तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की गई। बैठक में मौजूद सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए दुर्गा पूजा को सफल बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
Jehanabad News: Coordination committee formed for Durga Puja preparations; Satkar entrusted with the responsibility of President.


















