डीएम ने विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश, हर शनिवार प्रखंडवार होगी कार्यों की समीक्षा
जहानाबाद। जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी विद्यालयों और स्वास्थ्य संस्थानों की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए चल रहे कायाकल्प अभियान और विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंगलवार को समाहरणालय में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्माण, मरम्मत, रंग-रोगन और जीर्णोद्धार से जुड़े कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में सबसे पहले आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई। डीएम ने प्रस्तावित नए आंगनबाड़ी केंद्रों का निर्माण जल्द शुरू कराने और जिन केंद्रों के निर्माण में भूमि की समस्या आ रही है, वहां शीघ्र भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया। इसके लिए सभी अंचलाधिकारियों और बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण करने तथा भूमि से संबंधित समस्याओं का आपसी समन्वय से समाधान करने को कहा गया। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया। वहीं, कायाकल्प अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों में रंग-रोगन और मरम्मत के लंबित कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में अतिरिक्त वर्गकक्षों के निर्माण, रंग-रोगन, मरम्मत और जीर्णोद्धार कार्यों की जानकारी ली गई। डीएम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जिन विद्यालयों में अतिरिक्त कमरों की आवश्यकता है, वहां निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही विद्यालय भवनों की मरम्मत और रंग-रोगन का काम समय पर पूरा कराया जाए। इन कार्यों की नियमित निगरानी के लिए प्रधानाध्यापकों को भी जिम्मेदारी देने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में जिले के स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य केंद्रों की स्थिति पर चर्चा हुई। डीएम ने सिविल सर्जन और प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को स्वास्थ्य संस्थानों में रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण के कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने को कहा। इसके साथ ही टीबी मुक्त अभियान के तहत चल रहे जांच कार्यों में तेजी लाने और अधिक से अधिक पात्र लोगों की जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग सहित अन्य विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृतियों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा गया। अधिकारियों को पोर्टल पर योजनाओं की वास्तविक प्रगति नियमित रूप से अपडेट करने और संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर लंबित मामलों का निपटारा करने का निर्देश दिया गया।
जियो-टैग तस्वीरों से होगी कार्यों की निगरानी
बैठक में डीएम ने विकासात्मक कार्यों की निगरानी को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी योजनाओं की वास्तविक जियो-टैगयुक्त तस्वीरें ही पोर्टल पर अपलोड की जाएं। किसी भी परिस्थिति में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से तैयार की गई अथवा भ्रामक तस्वीरों का इस्तेमाल नहीं किया जाए। योजनाओं की वास्तविक स्थिति और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू करने को कहा गया।
डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि प्रत्येक शनिवार को अपराह्न में प्रखंडवार विकासात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसमें संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित रहना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं हो और योजनाओं को तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
Jehanabad News: Directive issued to accelerate the transformation of Anganwadi centers, schools, and health institutions.



















