राजद सांसद ने बागेश्वर बाबा और सत्ता पक्ष पर साधा निशाना, भगवान को गाली देने वालों पर सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल.
जहानाबाद। घोसी प्रखंड के लखावर हाई स्कूल मैदान में गोवर्धन पूजा के अवसर पर आयोजित भव्य दंगल प्रतियोगिता का उद्घाटन करने पहुंचे जहानाबाद के राजद सांसद सुरेंद्र प्रसाद यादव ने कई मुद्दों पर अपनी बेबाक राय रखी। इस दौरान उन्होंने गोवर्धन पूजा को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर नाराजगी जताई और समाज को बांटने की कोशिश करने वालों पर तीखा हमला बोला।सांसद ने कहा कि गोवर्धन पूजा भगवान श्रीकृष्ण की पूजा है। इसे लेकर भ्रम फैलाने और समाज को दो हिस्सों में बांटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऊंची बिरादरी के पोथी-पत्रा देखने वाले कुछ लोग समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं, जिसका यादव समाज पुरजोर विरोध करता है। उन्होंने कहा कि यादव समाज ने तय किया है कि गोवर्धन पूजा दीपावली के ठीक अगले दिन मनाई जाएगी। समाज को बांटने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए सांसद ने उत्तर प्रदेश और बिहार के राजनीतिक समीकरणों का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में यादव सहित अन्य वर्गों का समर्थन अखिलेश यादव को मिलेगा, जबकि बिहार में पिछड़े और वंचित वर्गों का समर्थन लालू प्रसाद यादव के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने सत्ता पक्ष पर चुनाव में धांधली और वोट चोरी करने का आरोप भी लगाया।इस दौरान सांसद ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ टिप्पणी करने का अधिकार उन्हें किसने दिया है? उन्होंने कहा कि भगवान को गाली देने वालों के खिलाफ सरकार चुप क्यों रहती है? विपक्ष के नेताओं के खिलाफ तत्काल मुकदमे दर्ज किए जाते हैं, लेकिन ऐसे मामलों में सत्ता पक्ष मौन साध लेता है। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर हमला बोलते हुए सुरेंद्र यादव ने कहा कि आजादी के आंदोलन में संघ का कोई योगदान नहीं रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में पाठ्यक्रम और इतिहास की पुस्तकों में बदलाव करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि इतिहास में अपनी भूमिका दिखाई जा सके। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन प्रयासों के जरिए वंचित और शोषित वर्ग के बच्चों को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की जा रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, खेल प्रेमी और राजद कार्यकर्ता मौजूद रहे। दंगल प्रतियोगिता में पहलवानों ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया।
Jehanabad News: A certain section is attempting to spread confusion regarding Govardhan Puja; any effort to divide society will not be tolerated, says Surendra Yadav.



















