अभिषेक रंजन उर्फ सोनू राधे ने किया श्री श्री शतचंडी प्रतिष्ठात्मक महायज्ञ का उद्घाटन।
जहानाबाद:घोसी प्रखंड के छपन्ना गांव में आयोजित श्री श्री शतचंडी प्रतिष्ठात्मक महायज्ञ को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गांव पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच जिला परिषद अध्यक्ष अभिषेक रंजन उर्फ सोनू राधे ने वैदिक रीति-रिवाज के साथ फीता काटकर महायज्ञ का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के अवसर पर जिप अध्यक्ष सोनू राधे ने कहा कि वर्तमान समय में इस तरह के धार्मिक और सामाजिक आयोजनों की आवश्यकता काफी बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि गांवों में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक जुड़ाव धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य करते हैं और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

उन्होंने यज्ञ स्थल का भ्रमण कर आयोजन समिति द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की तथा श्रद्धालुओं से धार्मिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। महायज्ञ में स्थानीय लोगों के अलावा आसपास के कई गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार, हवन-पूजन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। आचार्य भूषण मिश्रा के प्रवचन श्रद्धालुओं को अध्यात्म, संस्कृति और धार्मिक मूल्यों से जोड़ रहे हैं। वहीं, रात्रि में आयोजित रामलीला और रासलीला का मंचन लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। देर रात तक श्रद्धालु सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद ले रहे हैं। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश, बैठने और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है। महायज्ञ को सफल बनाने में राजीव कुमार, अर्जुन कुमार, धनेश कुमार, नागेंद्र कुमार, रोशन कुमार, लालू कुमार, समेंदर कुमार, विनोद यादव सहित यज्ञ समिति के सभी सदस्य तन-मन से जुटे हुए हैं।
Jehanabad News: A wave of devotion is blowing in Chhapanna, the entire area is resonating with Vedic mantras.



















