कक्षा में शैक्षणिक गतिविधियों के प्रति लापरवाही मिलने पर डीएम सख्त, कारण बताओ नोटिस जारी करने और निलंबन की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश
जहानाबाद। सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान के तहत जिले में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता और जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने घोसी नगर पंचायत क्षेत्र के देहुनी और साहोबिगहा पंचायत का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास योजनाओं, शैक्षणिक संस्थानों और सामुदायिक सुविधाओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के क्रम में जहां कई कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर संतोष जताया, वहीं विद्यालय में शैक्षणिक लापरवाही सामने आने पर संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया।
सबसे पहले डीएम ने घोसी नगर पंचायत क्षेत्र के देहुनी में आरोग्य मंदिर के समीप संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र में कुल 25 बच्चे पंजीकृत पाए गए, जिनमें से 21 बच्चे उपस्थित थे। डीएम ने बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, गतिविधियों और सीखने के स्तर की जानकारी ली। बच्चों की अच्छी उपस्थिति पर उन्होंने संतोष जताया और संबंधित कर्मियों की सराहना की।
इसके बाद उन्होंने कायाकल्प अभियान के तहत विकसित यात्री शेड, पिंक चौपाल शेड, सामुदायिक भवन और महिलाओं के बैठने तथा आपसी संवाद के लिए बनाए गए पिंक चबूतरे का निरीक्षण किया। इन सुविधाओं के माध्यम से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को मिलने वाली सहूलियतों की जानकारी ली। विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता पर डीएम ने संतोष व्यक्त किया।
इसके उपरांत डीएम साहोबिगहा पंचायत पहुंचीं, जहां ग्रामीण हाट बाजार के निर्माण कार्य का जायजा लिया। साथ ही पंचायत में स्थित छठ घाट और विवाह मंडप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्यों की स्थिति देखी और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर संतोष जताया।
विद्यालय में लापरवाही मिलने पर सख्त हुईं डीएम
निरीक्षण के दौरान डीएम कन्या प्राथमिक विद्यालय, देहुनी भी पहुंचीं। यहां कक्षा एक की शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन करने के दौरान शिक्षिका सीता कुमारी की कार्यशैली में गंभीर कमी पाई गई। जांच में सामने आया कि कक्षा में शिक्षण गतिविधियों के संचालन में शिक्षिका अपेक्षित रुचि नहीं ले रही थीं। साथ ही बच्चों की शैक्षणिक गुणवत्ता और सीखने की क्षमता विकसित करने के लिए भी पर्याप्त प्रयास नहीं किए जा रहे थे।
इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित शिक्षिका से कारण-पृच्छा करने का निर्देश दिया। साथ ही नियोजन इकाई और शिक्षा विभाग को नियमानुसार निलंबन एवं विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने स्पष्ट किया कि बच्चों के भविष्य के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिक्षकों की जिम्मेदारी केवल पाठ्यक्रम पूरा करना नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना और उनकी शैक्षणिक नींव मजबूत बनाना भी है। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी शिक्षा और बेहतर भविष्य के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी शिक्षक पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
Jehanabad News: Under the ‘Kayakalp’ (rejuvenation) campaign, the District Magistrate (DM) inspected development works in Ghosi and Sahobigha; issued directives for action against a female teacher.



















