एरोड्राम के समीप खुले संस्थान का घोसी विधायक ऋतुराज कुमार ने किया उद्घाटन, महिला और पुरुष दोनों को दी जाएगी सिक्योरिटी गार्ड की ट्रेनिंग
जहानाबाद। जिले के बेरोजगार युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक नई पहल की गई है। शहर के एरोड्राम के समीप प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी का शुभारंभ किया गया। इसका उद्घाटन घोसी विधायक ऋतुराज कुमार ने किया। एजेंसी खुलने से जिले के युवाओं में रोजगार को लेकर नई उम्मीद जगी है। खास बात यह है कि इस संस्थान में महिला और पुरुष दोनों को सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करने के लिए प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है।
संस्थान का संचालन बीएसएफ के जवान राजीव रंजन के मार्गदर्शन में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा एजेंसी की शुरुआत करने का मुख्य उद्देश्य जहानाबाद और आसपास के क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ में अपनी सेवा और प्रशिक्षण के अनुभव का लाभ अब जिले के युवाओं को देना चाहते हैं। सेवा से अवकाश के बाद उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार और प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराने की पहल की है।
राजीव रंजन ने बताया कि इस संस्थान को अपनी पत्नी के नाम पर शुरू किया गया है। इसके पीछे उनकी सोच है कि आज महिलाएं भी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। डिफेंस और सिक्योरिटी के क्षेत्र में भी महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सुरक्षा क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देना जरूरी है। संस्थान में महिला और पुरुष दोनों वर्ग के अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सिक्योरिटी और डिफेंस के क्षेत्र में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका अनुशासन की होती है। बिना अनुशासन के कोई भी व्यक्ति अपने लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकता। संस्थान में प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं से अनुशासन का पालन करना अनिवार्य होगा। जो युवा अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे, उन्हें बेहतर और गुणवत्तापूर्ण ट्रेनिंग देने के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में भी सहयोग किया जाएगा।उन्होंने जिले के बेरोजगार एवं इच्छुक युवाओं से अपील की कि वे संस्थान के कार्यालय पहुंचकर अपना पंजीकरण कराएं और इस अवसर का लाभ उठाएं। प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को सुरक्षा क्षेत्र की आवश्यक जिम्मेदारियों और कार्यशैली से परिचित कराया जाएगा। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि जिले में ही इस तरह की संस्था खुलने से युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे शहरों में भटकने की जरूरत कम होगी। साथ ही महिलाओं को भी सुरक्षा क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
Jehanabad News: Private security agency launched; youth to gain employment and training opportunities



















