
आज पूरे देश भर में 76वां गणतंत्र दिवस धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। राजधानी दिल्ली समेत सभी प्रदेशों की राजधानियों में तिरंगा फहराया जाएगा। गणतंत्र दिवस पर हर साल सबसे बड़ा आयोजन राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पद पर होता है। इस मौके पर भारत अपने शौर्य और पराक्रम का प्रदर्शन करता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 10:30 बजे कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराएंगी। उसके बाद परेड शुरू होगी, जो करीब 90 मिनट चलेगी।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो चीफ गेस्ट होंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी, राजनाथ सिंह के अलावा विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। परेड के दौरान टी-90 (भीष्म) टैंक, बीएमपी-2 सरथ के साथ नाग मिसाइल प्रणाली, ब्रह्मोस क्रूज मिसाइल, पिनाका मल्टी-लॉन्चर रॉकेट सिस्टम, आकाश हथियार प्रणाली, लाइट स्पेशलिस्ट वाहन (बजरंग), और वाहन पर लगे पैदल सेना मोर्टार सिस्टम (ऐरावत) को भी दिखाया जाएगा।
परेड की शुरुआत देशभर के 300 कलाकार पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर ‘सारे जहां से अच्छा’ की धुन बजाकर करेंगे। इसके बाद 5 हजार आर्टिस्ट एक साथ कर्तव्य पथ पर भारत के विकास, विरासत और संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे। परेड में 16 राज्यों और केंद्र सरकार के 15 मंत्रालयों की कुल 31 झांकियां शामिल हो रही हैं। इस बार गणतंत्र दिवस की थीम ‘गोल्डन इंडिया- हेरिटेज एंड डेवलपमेंट’ है।
इस बार सांस्कृतिक कलाकार पूरे परेड पथ पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इससे पहले कलाकार सिर्फ राष्ट्रपति बॉक्स के सामने प्रदर्शन करते थे। इस बार पूरे भारत से लगभग 10 हजार विशेष अतिथियों को परेड देखने के लिए आमंत्रित किया गया है। इनमें पैरालंपिक दल, शीर्ष प्रदर्शन वाले गांवों के सरपंच, हथकरघा कारीगर, वन एवं वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हैं।
दिल्ली में आज गणतंत्र दिवस परेड देखने के लिए लोग कर्तव्य पथ पर सुबह ही पहुंच गए। परेड 10:30 बजे विजय चौक से शुरू होगी। इस साल जिन 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की झांकियां कर्तव्य पथ पर डिस्प्ले होंगीं, उनमें गोवा, उत्तराखंड, हरियाणा, झारखंड, गुजरात, आंध्र प्रदेश, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, त्रिपुरा, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, चंडीगढ़, दिल्ली, दादरा और नगर हवेली, और दमन और दीव शामिल हैं। मध्य प्रदेश की झांकी की थीम ‘चीता- द प्राइड ऑफ इंडिया’ है।
इसमें कूनो नेशनल पार्क की प्राकृतिक खूबसूरती और भारत में जन्मे चीतों की झलक दिखाई जाएगी। वहीं, उत्तर प्रदेश की झांकी प्रयागराज में जारी महाकुंभ पर आधारित होगी। दिल्ली की झांकी को लगातार चार साल परेड में एंट्री न मिलने के बाद इस साल एंट्री मिली। दिल्ली की झांकी की थीम क्वालिटी एजुकेशन है। नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व तीनों सेवाओं की अनुभवी महिला अधिकारी करेंगी।
कर्तव्य पथ पर मार्च करने वाली टुकड़ियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 148 सदस्यीय महिला मार्चिंग टुकड़ी शामिल होगी, जिसका नेतृत्व सहायक कमांडेंट ऐश्वर्या जॉय एम करेंगी। गणतंत्र दिवस समारोह हर साल 29 जनवरी को विजय चौक पर आयोजित होने वाले बीटिंग रिट्रीट समारोह के साथ समाप्त होगा।
यह भी पढ़े: TRAI ने जारी किए नए सिम कार्ड Rule, अब नहीं करवाना पड़ेगा महंगा रिचार्ज, यहां देखें पूरी डिटेल्स
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















