साधना सिन्हा ने 94 प्रतिशत अंक लाकर विद्यालय में किया टॉप, छात्रों की सफलता से खुशी का माहौल।
जहानाबाद के प्रतिभा नगर स्थित प्रतिभा पल्लवन पब्लिक स्कूल, एरोड्राम के विद्यार्थियों ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं परीक्षा में एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल छा गया। विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के सफल होने से विद्यालय परिवार में गर्व की भावना देखने को मिली। विज्ञान एवं कला संकाय के विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और नियमित अध्ययन के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। विद्यालय की मेधावी छात्रा साधना सिन्हा ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं निकेत आनंद ने 93 प्रतिशत, रौनक राज ने 91.2 प्रतिशत तथा राज आनंद ने 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का मान बढ़ाया।

विषयवार प्रदर्शन में साधना सिन्हा ने जीवविज्ञान में 98 तथा रसायनशास्त्र में 94 अंक प्राप्त किए। वहीं निकेत आनंद ने फिजिक्स में 94 और इंग्लिश में 93 अंक हासिल किए। इसके अलावा पेंटिंग विषय में साक्षी स्वराज, प्रद्युम्न आनंद, पुष्पंजय, आयुष राज एवं अर्णव अनंत ने 100 में 100 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।
इस अवसर पर पीपी शैक्षणिक समूह के चेयरमैन डॉ. अभिराम शर्मा ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने बताया कि नियमित कक्षाएं, अतिरिक्त शैक्षणिक मार्गदर्शन, मॉडल टेस्ट और निरंतर अभ्यास के कारण विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ा, जिसका सकारात्मक परिणाम परीक्षा में देखने को मिला। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
Jehanbad News: Pratibha Pallavan Public School’s excellent performance, 100% result in CBSE 12th examination



















