जहानाबाद के अरवल मोड़ पर रविवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आम लोगों को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम sbpdcl.co.in� के तत्वावधान में आयोजित किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से कलाकारों ने लोगों को सौर ऊर्जा के लाभों के बारे में जागरूक किया। कलाकारों ने बताया कि घरों की छत पर सोलर पैनल लगाकर उपभोक्ता हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सरल और प्रभावी तरीके से समझाया कि सौर ऊर्जा न केवल बिजली बिल कम करने में सहायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से बीपीएल एवं कुटिर ज्योति उपभोक्ताओं को योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि पात्र लाभार्थियों के लिए 1.1 किलोवाट तक का सोलर सिस्टम लगाया जा रहा है, ताकि गरीब परिवारों को भी स्वच्छ, सस्ती और स्थायी ऊर्जा उपलब्ध हो सके।

एपीएल उपभोक्ताओं को मिलने वाली सब्सिडी की जानकारी देते हुए बताया गया कि 1 किलोवाट सोलर सिस्टम पर ₹30 हजार, 2 किलोवाट पर ₹60 हजार तथा 3 किलोवाट तक के सोलर सिस्टम पर ₹78 हजार तक की सरकारी सहायता प्रदान की जा रही है। इस अवसर पर लोगों को pmsuryaghar.gov.in� एवं सुविधा ऐप के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि कुटिर ज्योति उपभोक्ता सुविधा ऐप के जरिए अपनी सहमति दर्ज कर योजना का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। SBPDCL के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि जहानाबाद जिले में इस वर्ष 15 हजार घरों में रूफटॉप सोलर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भेजकर भविष्य के बिजली बिल में अतिरिक्त लाभ भी प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम में उपस्थित स्थानीय निवासी सुनीता देवी ने कहा कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से उन्हें योजना की स्पष्ट और सरल जानकारी मिली है तथा अब वे जल्द ही सोलर सिस्टम लगाने के लिए आवेदन करेंगी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के विभिन्न प्रखंडों में भी इसी प्रकार के नुक्कड़ नाटक और जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठा सकें।
अंत में लोगों को जागरूक करते हुए संदेश दिया गया—
“हर घर सोलर, बिजली बिल जीरो — पीएम सूर्य घर योजना से जुड़ें!”
Jehanabad News: Street play echoed the message – “Every home should be solar, electricity bill should be zero”, people were made aware of the PM Surya Ghar Yojana.



















