जहानाबाद राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देशानुसार जागृति योजना-2025 के अंतर्गत “वरिष्ठ जन अधिकार, सशक्तिकरण और गरिमा” विषय पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय भवन में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा की गई। इस अवसर पर जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों तथा विभिन्न बैंकों के प्रबंधकों ने भाग लिया। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा, सम्मानजनक जीवन तथा उनके प्रति समाज की जिम्मेदारियों पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में बुजुर्गों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार, उपेक्षा और शोषण के मामलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। बताया गया कि वरिष्ठ नागरिकों के साथ शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना, उनकी देखभाल की उपेक्षा, बुनियादी सुविधाओं से वंचित करना, उनकी संपत्ति हड़प लेना अथवा उन्हें घर से बाहर निकाल देना गंभीर सामाजिक और कानूनी अपराध हैं।

सचिव ने कहा कि स्थानीय स्वशासन संस्थाओं, नगर निकायों एवं पंचायतों के साथ समन्वय स्थापित कर जमीनी स्तर पर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों की सही जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को समय पर न्याय और सहायता मिल सके। बैठक में बताया गया कि भारत सरकार द्वारा लागू “माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007” के तहत बच्चों और उत्तराधिकारियों को अपने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों की भोजन, आवास, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक जरूरतों का ध्यान रखना कानूनी रूप से अनिवार्य है। यदि किसी वरिष्ठ नागरिक के साथ दुर्व्यवहार या उपेक्षा की जाती है, तो वे मेंटेनेंस ट्रिब्यूनल में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को सहायता एवं परामर्श उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 14567 की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से बेघर, असहाय अथवा चिकित्सा आपात स्थिति में फंसे वरिष्ठ नागरिकों को तत्काल सहायता और मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है। बैठक के दौरान यह संकल्प लिया गया कि कोई भी नागरिक जानकारी के अभाव या अज्ञानता के कारण अपने मौलिक अधिकारों, कानूनी उपचारों एवं निःशुल्क विधिक सहायता से वंचित न रहे। इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
Jehanabad News: Special meeting held on the rights and respect of senior citizens, emphasis on increasing awareness



















