फायर सेफ्टी अभियान – निजी अस्पतालों सहित विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण, एनओसी और अग्निशमन उपकरण अनिवार्य।
जहानाबाद, जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बुधवार को विभिन्न निजी अस्पतालों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान जिला अग्निशमन पदाधिकारी सोनल स्नेही के नेतृत्व में संचालित किया गया, जिसमें अग्निशमन विभाग की टीम ने कई अस्पतालों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध अग्नि सुरक्षा संसाधनों की स्थिति का जायजा लिया।।निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में अग्निशमन उपकरणों, फायर अलार्म सिस्टम, आपातकालीन निकास व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों में कमियां पाई गईं। इस पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने संबंधित अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए 15 दिनों का समय दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर सभी अस्पताल अग्निशमन उपकरण, फायर सेफ्टी किट तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें।

सोनल स्नेही ने कहा कि जिन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाएगा, उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अस्पतालों एवं संस्थानों को सील भी किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। जिले के विभिन्न रेस्टोरेंट, होटल, लॉज, सिनेमा हॉल, कोचिंग सेंटर, स्कूल, कॉलेज तथा अन्य सार्वजनिक संस्थानों की भी जांच की जाएगी। जिन संस्थानों ने अब तक अग्निशमन विभाग से फायर एनओसी (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) प्राप्त नहीं किया है, उन्हें जल्द से जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया है। जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक संस्थान में मानक के अनुरूप फायर सेफ्टी उपकरण उपलब्ध होना अनिवार्य है। अग्निकांड जैसी घटनाओं से बचाव के लिए सभी संस्थानों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना होगा। विभाग द्वारा समय-समय पर निरीक्षण कर अनुपालन की समीक्षा की जाएगी।
Jehanabad News: Inspections of fire safety standards intensified; action to be taken if arrangements are not rectified within 15 days.



















