प्राचार्या अंजू कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, प्रशिक्षुओं को कौशल आधारित शिक्षा के महत्व से कराया अवगत
जहानाबाद। जिले के डायट ढोंगरा में व्यावसायिक शिक्षा एवं प्रशिक्षण विषय पर पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन डायट की प्राचार्या अंजू कुमारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर संस्थान के प्राध्यापक, कर्मी एवं विभिन्न विद्यालयों से आए प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्राचार्या अंजू कुमारी ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें जीवन के व्यावहारिक पहलुओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना भी है। इसके लिए व्यावसायिक शिक्षा और कौशल आधारित प्रशिक्षण की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बदलते समय और रोजगार की आवश्यकताओं को देखते हुए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ विभिन्न व्यावहारिक कौशलों का ज्ञान देना जरूरी है। इससे उनमें कार्यकुशलता विकसित होगी और भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण कार्यक्रम में पूरी गंभीरता, रुचि और सक्रियता के साथ भाग लेने की अपील की। साथ ही कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी और अनुभवों का उपयोग अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से शिक्षित करने में करें। व्यावसायिक शिक्षा को प्रभावी ढंग से लागू करने से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता और काम करने की क्षमता का विकास होगा।
प्राचार्या ने नई शिक्षा व्यवस्था में कौशल आधारित शिक्षा की बढ़ती उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप हुनर सीखने का अवसर देती है। इससे वे भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो सकेंगे।
पांच दिवसीय इस आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान व्यावसायिक शिक्षा के विभिन्न पहलुओं, उसके उद्देश्यों, उपयोगिता और विद्यालय स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रशिक्षुओं को कौशल आधारित शिक्षा की अवधारणा से अवगत कराने के साथ इसे शिक्षण प्रक्रिया का हिस्सा बनाने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में डायट के सभी प्राध्यापक एवं कर्मियों के अलावा बचन देव कुमार, रंगेश कुमार, राघवेंद्र कुमार, संतोष कुमार, अनुरंजन कुमार, रवि रंजन, अलका रानी, अमृता कुमारी और अंजना कुमारी सहित अन्य प्रशिक्षुओं ने भाग लिया।
Jehanabad News: Five-day residential program on vocational education and training begins at DIET Dhongra



















