कर्पूरी रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना, पंचायत और नगर निकायों में अतिपिछड़ों का आरक्षण 20 से बढ़ाकर 38 प्रतिशत करने की मांग को मिलेगी धार.
जहानाबाद। पंचायत और नगर निकायों में अतिपिछड़ा वर्ग के आरक्षण को बढ़ाने की मांग को लेकर अति पिछड़ा आरक्षण बचाओ संघर्ष मोर्चा, बिहार की ओर से निकाला गया कर्पूरी रथ सोमवार को जहानाबाद पहुंचा। यहां मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में रथ को हरी झंडी दिखाकर अगले पड़ाव के लिए रवाना किया गया। इस दौरान अतिपिछड़ा वर्ग के अधिकारों और आरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया गया। मोर्चा की ओर से निकाला गया यह कर्पूरी रथ बिहार के विभिन्न जिलों का भ्रमण कर अतिपिछड़ा समाज के लोगों को जागरूक करेगा। इसी क्रम में सोमवार को जहानाबाद पहुंचने के बाद रथ ने मगध क्षेत्र की ओर प्रस्थान किया। रथ के माध्यम से मगध क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद यह पटना पहुंचेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पंचायत और नगर निकायों में अतिपिछड़ा वर्ग को मिल रहे 20 प्रतिशत आरक्षण को बढ़ाकर 38 प्रतिशत करने की मांग को मजबूती से उठाना है। मोर्चा का मानना है कि अतिपिछड़ा समाज को उसकी आबादी और सामाजिक स्थिति के अनुरूप अधिकार एवं प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। इसी मांग को लेकर राज्यव्यापी स्तर पर जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है।कर्पूरी रथ के जरिए समाज के लोगों को एकजुट कर उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने और आरक्षण के मुद्दे पर व्यापक जनसमर्थन जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। जहानाबाद में रथ के स्वागत और रवाना करने के दौरान अति पिछड़ा आरक्षण बचाओ संघर्ष मोर्चा के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Jehanabad News: The ‘Karpoori Rath’ has arrived in Jehanabad, advocating for reservations for the ‘extremely backward’ (ati pichhda) classes; it will conduct a public awareness campaign across the Magadh region.



















