जहानाबाद: रतनी फरीदपुर प्रखंड क्षेत्र के श्रीबिगहा स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय की रसोइया सह सहायिका रेणु देवी का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। वह जन्मतिथि में हुई कथित त्रुटि के सुधार तथा पिछले डेढ़ वर्ष से लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर विद्यालय परिसर में धरने पर बैठी हैं। रेणु देवी ने बताया कि उनके नियुक्ति पत्र, आधार कार्ड तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा निर्गत प्रमाण-पत्र में उनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 1985 अंकित है। इसके बावजूद संबंधित विभागीय अभिलेखों में उनकी जन्मतिथि 1 जनवरी 1945 दर्ज कर दी गई है। इस त्रुटि के कारण उनकी आयु 60 वर्ष से अधिक मानते हुए उन्हें सेवा से सेवानिवृत्त कर दिया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि जन्मतिथि सुधार के लिए सभी आवश्यक दस्तावेज विभाग को उपलब्ध कराने के बावजूद अब तक अभिलेखों में संशोधन नहीं किया गया है। मानदेय का भुगतान बंद होने से उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि परिवार के भरण-पोषण और इलाज जैसी आवश्यक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। रेणु देवी ने जिला प्रशासन, विशेष रूप से जिला पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर जन्मतिथि में सुधार कराने तथा बकाया मानदेय का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी जन्मतिथि में सुधार नहीं किया जाता और समस्या का समाधान नहीं होता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन सत्याग्रह जारी रहेगा। सत्याग्रह को स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों का भी समर्थन मिल रहा है। इस दौरान रामानुज कुमार, पवन कुमार, परिवार के सदस्य तथा विद्यालय में कार्यरत रसोइया गुड़िया कुमारी सहित अन्य लोग भी उनके समर्थन में मौजूद रहे।
Jehanabad News: Cooks’ indefinite satyagraha continues after non-payment of honorarium for one and a half years



















