जहानाबाद। गांधी मैदान स्थित बचपन प्ले स्कूल में रविवार को पेरेंट्स ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के दिल्ली मुख्यालय से साद अहद विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों को बच्चों के व्यवहार, भावनात्मक जरूरतों और समुचित विकास में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों से बच्चों के भविष्य को लेकर उनकी आकांक्षाओं और अपेक्षाओं पर चर्चा की गई। साथ ही, बच्चों के साथ बेहतर व्यवहार करने, उनकी भावनाओं को समझने तथा उनकी सीखने की क्षमता को विकसित करने के लिए अभिभावकों को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। कार्यक्रम को रोचक एवं संवादात्मक बनाने के लिए अभिभावकों से विभिन्न गतिविधियां भी कराई गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से उन्हें बच्चों के साथ संवाद स्थापित करने, उनकी बातों को समझने और खेल-खेल में सीखने के नए तरीकों से परिचित कराया गया।

इस अवसर पर स्कूल के निदेशक अरुण परवाल एवं शिक्षकों ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य और सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल एवं अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा केवल कक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि घर का वातावरण और अभिभावकों का व्यवहार भी उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।उन्होंने कहा कि इस तरह के ओरिएंटेशन कार्यक्रम अभिभावकों को बच्चों की जरूरतों, भावनाओं और व्यवहार को समझने में मदद करते हैं। कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और बच्चों के विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार एवं अनुभव साझा किए।
Jehanabad News: Parents’ orientation program organized at Bachpan Play School.



















