DW Samachar – Header
BREAKING

Jehanabad News: पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, समाज को जगाने और सच सामने लाने का निस्वार्थ मिशन: डॉ. रंजीत

Jehanabad News: पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, समाज को जगाने और सच सामने लाने का निस्वार्थ मिशन: डॉ. रंजीत
InShot_20260823_183207320

एनयूजे के वार्षिक अधिवेशन में जिला कार्यकारिणी का गठन, पत्रकार हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय

जहानाबाद। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स बिहार (एनयूजे) की जहानाबाद जिला इकाई का वार्षिक अधिवेशन रविवार को एक निजी उत्सव हॉल में आयोजित किया गया। अधिवेशन में जिला कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठन की आगामी गतिविधियों, कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा पत्रकारों के हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। नवनिर्मित जिला कार्यकारिणी में मनोज कुमार को महासचिव, पंकज कुमार को उपाध्यक्ष, नारायण कुमार को कोषाध्यक्ष, सुनील कुमार को संयुक्त सचिव, वीरभद्र सिन्हा उर्फ गप्पू को सचिव तथा वरुण कुमार को मीडिया प्रभारी बनाया गया। कार्यकारिणी के गठन के साथ संगठन की गतिविधियों को प्रखंड स्तर तक पहुंचाने और संगठन के विस्तार को लेकर भी रणनीति तैयार की गई

एकदिवसीय वार्षिक अधिवेशन के उद्घाटन सत्र के बाद तकनीकी सत्र में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। इस दौरान सदस्यों के बीच बेहतर आपसी समन्वय बनाए रखने तथा संगठन की जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने पर जोर दिया गया। बैठक में पत्रकारों की समस्याओं और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को विभिन्न स्तरों पर प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान, अधिकार और कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं विभागों के समक्ष मजबूती से रखने पर भी सहमति बनी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एनयूजे के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष डॉ. रंजीत कुमार भारतीय ने पत्रकारों के बीच एकजुटता और बेहतर संवाद कायम करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण और लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने और सच को सामने लाने का निस्वार्थ मिशन है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार प्रयास करेगा।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि एवं एनयूजे बिहार के उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी सदस्यों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि एनयूजे न केवल राष्ट्रव्यापी बल्कि अंतरराष्ट्रीय पत्रकार संगठनों से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के साझा हित संगठन के सदस्यों को एक सूत्र में पिरोकर परिवार का स्वरूप प्रदान करते हैं। संगठन संख्या बल से नहीं, बल्कि दृढ़ निश्चय, आपसी सहयोग, समन्वय और सक्रिय भागीदारी से मजबूत होता है।

इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ एनयूजे के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार, जिलाध्यक्ष डॉ. रंजीत कुमार भारतीय एवं संरक्षक रमेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि देवेंद्र कुमार तथा प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों को जिलाध्यक्ष ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। गायत्री परिवार के प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ के सदस्यों श्रीकांत शर्मा, रंगेश कुमार, कौशल कुमार, शिशुपाल, धनंजय एवं देवकांत ने स्वागत गान एवं संगीतमय प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन वरिष्ठ पत्रकार मनोज कुमार ने किया, जबकि अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन संरक्षक रमेश कुमार ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। अधिवेशन में मंटू कुमार, मो. एहतेशाम, बैकुंठ शर्मा, शेखर कुमार सहित एनयूजे के कई सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News

Advertisement

Rudra enterprises - Devanshu Deepak Jehanabad
⚡ लाइव अपडेट
खबरें लोड हो रही हैं…

लेटेस्ट न्यूज़