युवाओं ने की घाट की सफाई, लोगों को स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति किया जागरूक।
जहानाबाद नमामि गंगे के तत्वावधान में मंगलवार को जहानाबाद के सोइया घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान नमामि गंगे के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता, जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी। साथ ही लोगों से घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने और गंदगी न फैलाने की अपील की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नमामि गंगे की प्रदेश उपाध्यक्ष अनंता कुमारी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की दैनिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि गंगा सहित सभी जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है। वहीं नमामि गंगे के जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा ने कहा कि जब तक समाज स्वयं आगे नहीं आएगा, तब तक स्थायी परिवर्तन संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे का उद्देश्य केवल सफाई अभियान चलाना नहीं, बल्कि लोगों में नदी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना भी है।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने युवाओं से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा इस संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शुभम, केतु सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
Jehanabad News: Namami Gange’s cleanliness drive at Soiya Ghat, message of environmental protection given



















