जहानाबाद: हुलासगंज युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) अभियान के तहत गया-पटना मुख्य मार्ग स्थित साधना निकेतन सभागार में महान स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर की जयंती के अवसर पर समारोह सह भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक एवं भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विभाष कुमार विभूति ने की, जबकि मंच संचालन स्वयंसेवक बिट्टू कुमार ने किया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में विभाष कुमार विभूति ने कहा कि देश का विकास तभी संभव है जब युवा शक्ति संगठित होकर समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझे। उन्होंने कहा कि ‘मेरा युवा भारत’ युवाओं को राष्ट्र सेवा, नेतृत्व विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने स्थानीय युवाओं एवं छात्रों से बड़ी संख्या में MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण कराने और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद भारतीय परंपरा के अनुसार मुख्य अतिथि जदयू के प्रदेश महासचिव राजीव नयन उर्फ राजू सिंह सहित अन्य अतिथियों का अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए राजीव नयन और भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी शर्मा ने वीर सावरकर के संघर्षपूर्ण जीवन, राष्ट्रवाद और अखंड भारत की उनकी अवधारणा पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से सावरकर के आदर्शों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर सूरजपुर पैक्स अध्यक्ष राहुल कुमार, साधना निकेतन स्कूल के निदेशक इंजीनियर अभय नारायण तथा मध्य विद्यालय सुभानीबीघा के शिक्षक हर्षित गौतम ने भी अपने विचार व्यक्त किए और युवाओं को समाज एवं राष्ट्र के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने वीर सावरकर के विचारों और राष्ट्रवाद पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में छात्राओं का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। हुलासगंज की वासु प्रिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मानसी कुमारी द्वितीय एवं सुल्तानपुर की मुस्कान कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। मुख्य अतिथि एवं कार्यक्रम अध्यक्ष द्वारा सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Jehanabad News: Speech competition organised on Veer Savarkar Jayanti, appeal to youth to participate in nation building



















