सांसद सुरेंद्र यादव ने छात्र-युवाओं से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील
जहानाबाद। नीट पेपर लीक मामले और आंदोलनकारी छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की ओर से 19 अगस्त को पटना में राजभवन मार्च निकाला जाएगा। यह प्रदर्शन राजद प्रदेश कार्यालय से शुरू होकर राजभवन तक पहुंचेगा। प्रदर्शन का नेतृत्व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव करेंगे। राजद ने छात्र-युवाओं से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की है। राजद सांसद सुरेंद्र यादव ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में कथित अनियमितताओं से लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य पर असर पड़ा है। उन्होंने आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों और युवाओं के साथ किसी भी तरह का अन्याय राजद बर्दाश्त नहीं करेगा।

सांसद ने आरोप लगाया कि आंदोलनकारी छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग और फायरिंग जैसी घटनाओं ने सरकार की कार्यशैली और संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि दोषी पुलिसकर्मियों और अधिकारियों पर कार्रवाई होने तक राजद की लड़ाई जारी रहेगी। सुरेंद्र यादव ने बताया कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में राजद का एक प्रतिनिधिमंडल इस मुद्दे को लेकर राज्यपाल से मुलाकात कर चुका है। प्रतिनिधिमंडल ने छात्रों की मांगों और पुलिसिया कार्रवाई से जुड़े मामलों से राज्यपाल को अवगत कराया है।उन्होंने कहा, “राजद सड़क से सदन तक छात्रों और युवाओं की आवाज उठाता रहेगा। युवा जब अंगड़ाई लेता है तो सत्ता परिवर्तन की बुनियाद पड़ती है।” उन्होंने बिहार के छात्र और युवा वर्ग से 19 अगस्त को होने वाले राजभवन मार्च में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आंदोलन को मजबूती देने की अपील की। राजद नेताओं के अनुसार, नीट मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और आंदोलनकारी छात्रों के साथ न्याय की मांग को लेकर पार्टी अपना आंदोलन जारी रखेगी। पार्टी ने इसे छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा बताते हुए 19 अगस्त के प्रदर्शन को सफल बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
Jehanabad News: March to Raj Bhavan on August 19 against NEET paper leak; Tejashwi to lead.



















