जहानाबाद। जिले में युवाओं को खेल, फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 79वें स्वतंत्रता दिवस खेल महोत्सव-2026 का आयोजन 15 अगस्त को किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें जिले के खिलाड़ी और खेल प्रेमी हिस्सा लेंगे। खेल महोत्सव में बॉडीबिल्डिंग, आर्म रेसलिंग (पंजा कुश्ती), पावरलिफ्टिंग, योग, शतरंज, मुक्केबाजी और डांस सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उन्हें फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है। आयोजक बिक्रम कुमार ने कहा कि खेल और व्यायाम युवाओं को नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से जुड़ने से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित होती है।

उन्होंने कहा कि इस आयोजन का संदेश है—“फिट रहेंगे, नशे से दूर रहेंगे और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ेंगे।” यह कार्यक्रम चैंपियन जिम, कोर्ट एरिया, काली नगर, जहानाबाद की ओर से आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं का आयोजन डेविस द जिम, जहानाबाद में किया जाएगा। आयोजक ने जिले के सभी खिलाड़ियों, युवाओं और खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर खेल महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
नारा: “खेलें • फिट रहें • नशे से दूर रहें • आगे बढ़ें”



















