DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: हल्की बारिश में ही जहानाबाद बेहाल, सदर अस्पताल में टपकी छत ने खोली व्यवस्था की पोल


आंधी-बारिश से जलजमाव, अस्पताल में घुसा पानी, मरीजों को हुई परेशानी

जहानाबाद में भीषण गर्मी के बीच आई हल्की बारिश ने जहां लोगों को कुछ राहत दी, वहीं शहर की व्यवस्था की पोल भी खोल दी। आंधी-तूफान के साथ हुई इस बारिश के बाद कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़कों और गलियों में पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। सबसे गंभीर स्थिति जहानाबाद के सदर अस्पताल में देखने को मिली, जहां थोड़ी सी बारिश में ही छत से पानी टपकने लगा। जानकारी के अनुसार, अस्पताल के अस्थायी भवन में बारिश का पानी एसी के आसपास से रिसते हुए नीचे गिरने लगा, जिससे वहां करंट फैलने की आशंका भी उत्पन्न हो  सकता था। स्थिति इतनी खराब हो गई कि पानी धीरे-धीरे डॉक्टरों के चेंबर और नर्सिंग रूम तक पहुंचने लगा। हालांकि, इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं होने पर यह भविष्य में गंभीर खतरा बन सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सदर अस्पताल जिले का मुख्य स्वास्थ्य केंद्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल की यह स्थिति व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के कारण नालियों का रास्ता बाधित हो गया है, जिससे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इसके कारण अस्पताल परिसर के आसपास भी जलजमाव की समस्या बनी हुई है और मरीजों व उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि वर्षों से बनी हुई है। उनका आरोप है कि केवल औपचारिकता के तौर पर काम किया जाता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकाला जाता। कई लोगों ने कैमरे के सामने आने से भी इनकार किया और कहा कि शिकायत करने पर उन्हें परेशान किए जाने का डर रहता है। अब लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अस्पताल की स्थिति में जल्द सुधार किया जाए, जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए और मरीजों को सुरक्षित व बेहतर सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

Jehanabad News: Jehanabad is in trouble even with light rain, leaky roof in Sadar Hospital exposed the arrangements

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News