DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: हल्की बारिश में ही जलजमाव से जूझा जहानाबाद, नगर परिषद के दावों पर उठे सवाल।

नालों की सफाई नहीं होने से घरों और मंदिरों में घुसा पानी, लोगों में आक्रोश

जहानाबाद में  मौसम का मिजाज बदला और आंधी-तूफान के साथ हुई हल्की बारिश ने शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी। थोड़ी सी बारिश में ही कई वार्डों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के विभिन्न इलाकों में नालियों का पानी सड़कों पर बहने लगा और कई जगहों पर घरों में भी घुस गया। लोगों को खुद ही नालियों की सफाई कर पानी निकासी का रास्ता बनाना पड़ा। जलजमाव के कारण आवागमन भी प्रभावित रहा और कई मोहल्लों में लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद द्वारा विकास और साफ-सफाई के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है।

शहर के अधिकांश वार्ड—जैसे वार्ड संख्या 19, 18, 15, 10 और 9—में जलजमाव की समस्या आम हो गई है। पांचमाला स्थित वार्ड संख्या 19 में स्थिति और भी खराब देखने को मिली, जहां नालियों की वर्षों से सफाई नहीं होने के कारण पानी स्थानीय शिव मंदिर में भी प्रवेश कर गया। इससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस समस्या की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन केवल औपचारिक कार्रवाई कर मामला टाल दिया गया। लोगों का आरोप है कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में हर साल यह समस्या विकराल रूप ले लेती है। कई स्थानों पर कूड़ा उठाव भी नियमित नहीं होने से हालात और खराब हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। उनका कहना है कि गर्मी के मौसम में ही यह हाल है, तो बरसात के दिनों में स्थिति और भयावह हो सकती है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नालों की नियमित सफाई, जल निकासी की उचित व्यवस्था और ठोस कार्ययोजना बनाकर इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

Jehanabad News: Jehanabad struggled with waterlogging even after light rain, questions raised on the claims of the Municipal Council.

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News