DW Samachar – Header
BREAKING

Jehanabad News: पंचायत में चुनें कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार जनप्रतिनिधि : विनय कुमार सिंह

Jehanabad News: पंचायत में चुनें कर्तव्यनिष्ठ और ईमानदार जनप्रतिनिधि : विनय कुमार सिंह
InShot_20261011_183918500

काको और हुलासगंज में महापरिवर्तन आंदोलन की बैठक, विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने और युवाओं को उद्यमिता अपनाने की दी सलाह

जहानाबाद। महापरिवर्तन आंदोलन के प्रणेता एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी विनय कुमार सिंह ने कहा कि पंचायतों के समुचित विकास के लिए ग्रामीणों को जागरूक होकर ईमानदार, कर्मठ और जनता के प्रति जवाबदेह जनप्रतिनिधियों का चयन करना होगा। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास किए बिना देश को विकसित बनाने की कल्पना नहीं की जा सकती। भ्रष्टाचार पर रोक, प्रशासनिक पारदर्शिता और जनहितकारी व्यवस्था स्थापित करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है।

Digital Women Trust

काको प्रखंड मुख्यालय में आयोजित महापरिवर्तन आंदोलन से जुड़े कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से पंचायत चुनाव में सोच-समझकर प्रतिनिधियों का चयन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुखिया और सरपंच जैसे पदों पर ऐसे लोगों को मौका मिलना चाहिए, जिनमें सेवा भाव हो और जिनकी छवि स्वच्छ हो। उन्होंने ग्रामीणों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों के साथ संवाद स्थापित कर पंचायतों के विकास और जनजागरूकता को लेकर पहल करने का आह्वान किया।

इससे पूर्व काको बाजार स्थित मयूर पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विनय कुमार सिंह ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारित करना और उसके प्रति पूरी लगन, मेहनत तथा अनुशासन के साथ आगे बढ़ना आवश्यक है। विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करते हुए निरंतर प्रयास करना चाहिए और जीवन में कुछ बड़ा करने की सोच रखनी चाहिए। विद्यालय पहुंचने पर निदेशक शशि कुमार ने अतिथियों को काको के प्रसिद्ध सूर्य मंदिर का प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

गांवों के विकास और पारदर्शी व्यवस्था पर जोर

हुलासगंज प्रखंड में महापरिवर्तन आंदोलन के प्रखंडस्तरीय शिष्टमंडल की बैठक को संबोधित करते हुए विनय कुमार सिंह ने कहा कि भारत गांवों का देश है और गांवों की तरक्की से ही देश की वास्तविक प्रगति संभव है। उन्होंने लोगों से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि महापरिवर्तन आंदोलन के माध्यम से सरकारी कामकाज में पारदर्शिता लाने, प्रशासन को जवाबदेह बनाने और आम लोगों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा सकता है। समाज में जाति, धर्म और आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर भाईचारा बढ़ाने तथा जनहित के मुद्दों पर एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव को लेकर ‘अबकी बार ईमानदार’ का नारा देते हुए ग्रामीणों से स्वच्छ छवि और सेवा भावना वाले प्रत्याशियों को प्राथमिकता देने की अपील की।

इस अवसर पर महापरिवर्तन आंदोलन के जिला समन्वयक डॉ. रंजीत कुमार भारतीय, काको के प्रखंड समन्वयक सुरेंद्र मोहन तथा हुलासगंज के प्रखंड समन्वयक रौशन कुमार ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने शिक्षा, जनजागरूकता और पंचायतों के विकास में सामूहिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

युवा नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले बनें

इधर, राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में ‘बिहार के भविष्य को आकार देने में युवाओं की भूमिका’ विषय पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में विनय कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं से नौकरी की तलाश तक सीमित रहने के बजाय उद्यमिता अपनाकर रोजगार के नए अवसर पैदा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार में रोजगार के सीमित अवसरों की चुनौती से निपटने के लिए युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन की दिशा में आगे आना होगा।

उन्होंने युवाओं को अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने, नए विचारों के साथ काम करने और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। संवाद सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और आत्मनिर्भरता तथा उद्यमिता से जुड़े विचारों पर चर्चा की। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में समन्वयक डॉ. जहीर अब्बास और जिला समन्वयक डॉ. रंजीत कुमार भारतीय ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। समापन पर धन्यवाद ज्ञापन कर अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Jehanabad News: Elect conscientious and honest public representatives in the Panchayat: Vinay Kumar Singh

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News

Advertisement

Rudra enterprises - Devanshu Deepak Jehanabad
⚡ लाइव अपडेट
खबरें लोड हो रही हैं…

लेटेस्ट न्यूज़