पूजा सामग्री विसर्जित करने गई महिला की पड़ी नजर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा; पहचान में जुटी पुलिस
जहानाबाद। शहर के पूर्वी गांधी मैदान के समीप जमुना नदी में गुरुवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हलचल मच गई। नदी में शव तैरता देखकर स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी जानकारी जहानाबाद नगर थाने की पुलिस को दी। मिली जानकारी के अनुसार, एक महिला मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद पूजा सामग्री लेकर नदी की ओर गई थी। इसी दौरान उसकी नजर नदी में तैर रहे एक शव पर पड़ी। शव देखते ही महिला ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते यह खबर पूरे मोहल्ले में फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया और अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी मृतक की पहचान नहीं की। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि उन्हें इस व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का चलेगा पता
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में किसी व्यक्ति के लापता होने की जानकारी भी जुटा रही है। थानाध्यक्ष उमेश प्रसाद ने बताया कि नगर थाने में एक व्यक्ति के लापता होने से संबंधित आवेदन प्राप्त हुआ है, लेकिन फिलहाल नदी में मिले शव का उससे कोई स्पष्ट मिलान नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि शव की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, पुलिस ने समय रहते घटना की सूचना देने वाले स्थानीय लोगों की जागरूकता की सराहना की। पुलिस का कहना है कि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति या घटना की जानकारी तत्काल प्रशासन को देना जरूरी है, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। फिलहाल पुलिस शव की पहचान करने और पूरे मामले की जांच में जुटी है।
Jehanabad News: Body of an unidentified person found in the Jamuna River; stir in the area.



















