जनगणना 2027 के प्रथम चरण के कार्यों को समय पर और त्रुटिरहित पूरा करने को लेकर जहानाबाद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। ग्राम प्लेक्स, जहानाबाद में जिला जनगणना अधिकारी सह उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जनगणना कार्यों की प्रगति, त्रुटि निराकरण और निदेशालय से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में सभी चार्ज अधिकारियों और अपर चार्ज अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि 28 मई 2026 तक जनगणना से संबंधित सभी प्रकार की त्रुटियों और गलतियों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही क्षेत्र भ्रमण कर भरे गए आंकड़ों का भौतिक सत्यापन भी करने को कहा गया, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि शेष न रहे।जिला जनगणना अधिकारी सह उप विकास आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य निदेशालय से प्राप्त नक्शों में आवश्यक सुधार कर उसे जल्द से जल्द निदेशालय को भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण से जुड़े सभी कार्य 31 मई 2026 से पहले हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।बैठक के दौरान अधिकारियों को जनगणना कार्यों में पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन की ओर से साफ निर्देश दिया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस समीक्षा बैठक में जनगणना कार्य निदेशालय की संयुक्त निदेशक मंजु गुप्ता, श्रुति शैलेश, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी पवन कुमार, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी तथा सभी अपर चार्ज अधिकारी मौजूद रहे। जनगणना 2027 को लेकर जिला प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है, ताकि आंकड़ों की शुद्धता और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन का लक्ष्य तय समय सीमा के भीतर सभी कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा करना है।
Jehanabad News: Administration strict regarding Census 2027, instructions given for error correction and physical verification



















