
जहानाबाद बिहार राज्य भारत स्काउट और गाइड कार्यालय परिसर, जहानाबाद में आज एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें एकल यूज प्लास्टिक के उपयोग न करने पर विशेष चर्चा की गई। कार्यशाला का उद्घाटन स्काउट-गाइड कैडेट्स द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला सचिव रेड क्रॉस सोसाइटी-सह-उपाध्यक्ष, बिहार राज्य भारत स्काउट और गाइड, राज किशोर प्रसाद “उपाध्यक्ष” ने स्वतंत्र दल एवं कंपनी के कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि एकल यूज प्लास्टिक न केवल मानव जीवन बल्कि पशु-पक्षी एवं पर्यावरण के लिए भी अत्यंत हानिकारक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि सभी को स्वच्छ पर्यावरण के लिए प्लास्टिक का उपयोग बंद कर, अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।
उन्होंने सुझाव दिया कि बाजार जाते समय कपड़े का थैला लेकर जाएं और प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह से बंद करें। इस मौके पर सेवानिवृत्त डीजीपी करुणा सागर सर ने भी कार्यशाला में भाग लिया और उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण हेतु प्रेरित किया। उपाध्यक्ष महोदय द्वारा सभी को प्रेरणा स्वरूप कैरी बैग भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक जिला संगठन आयुक्त शुभम कुमार ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मां तारा उच्च विद्यालय के शिक्षक सुजीत कुमार ने किया। इस अवसर पर कंपनी कमांडर, दलनायक एवं टोली नायक सहित स्काउट-गाइड के कई सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यशाला के समापन पर राष्ट्रगान गाया गया और सभी ने प्लास्टिक के बहिष्कार हेतु संकल्प लिया।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












