
जहानाबाद जिले में प्रेस और पुलिस के नाम पर अवैध रूप से स्टीकर लगाकर वाहनों को चलाने वालों के खिलाफ अब सख्त कार्रवाई होगी। डीजीपी विनय कुमार के निर्देशानुसार, पुलिस प्रशासन ऐसे वाहनों की सूक्ष्म जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करेगा। इस अभियान के तहत बिना अधिकृत अनुमति के प्रेस, पुलिस, आर्मी या अन्य सरकारी संस्थानों के नाम का उपयोग करने वाले वाहनों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में ऐसे वाहनों की संख्या बढ़ रही है, जो नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। कई असामाजिक तत्व और अपराधी इस तरह के फर्जी स्टीकर लगाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया जाएगा और दोषियों पर यातायात नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई होगी।
सख्त आदेश जारी, विशेष टीम करेगी जांच
पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार, यह पाया गया है कि कई लोग बिना किसी आधिकारिक पहचान के प्रेस, पुलिस, आर्मी जैसे शब्द वाहनों पर लिखकर उन्हें रजिस्ट्रेशन प्लेट पर अंकित कर रहे हैं। इससे अपराधियों को सहूलियत मिलती है, जिससे वे पुलिस की नजरों से बचकर गलत कार्यों में लिप्त रहते हैं।
इस आदेश की प्रति सभी अपर पुलिस महानिदेशक, आइजी मुख्यालय, सभी क्षेत्रीय आइजी-डीआइजी और एसएसपी-एसपी को भेजी गई है, जिससे राज्यभर में इस अभियान को प्रभावी तरीके से लागू किया जा सके।
क्या होगी कार्रवाई?
- बिना अनुमति प्रेस/पुलिस/आर्मी लिखे वाहनों की जब्ती
- यातायात अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई
- असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी
- संबंधित थानों को सख्त निर्देश
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि यदि वे किसी वाहन पर फर्जी प्रेस या पुलिस का स्टीकर लगा देखें, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। इससे असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी और कानून-व्यवस्था बनी रहेगी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












