
जहानाबाद: नववर्ष की पहली सुबह वरिष्ठ पत्रकार संतोष श्रीवास्तव के नेतृत्व में पत्रकारों की टोली ने जहानाबाद के वृद्धाश्रम में पहुंचकर वहां रह रहे बुजुर्गों का हालचाल लिया। इस अवसर पर बुजुर्गों के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भोजन, स्वास्थ्य जांच और रोजमर्रा के उपयोग की सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत बुजुर्गों को तिलक लगाकर और तिलकुट बांटकर की गई। इसके बाद सभी बुजुर्गों को पूरी, सब्जी और खीर (सेवई) का विशेष भोजन कराया गया। बॉम्बे बाजार के सौजन्य से बुजुर्गों को दैनिक उपयोग की किट प्रदान की गई। वरिष्ठ पत्रकार संतोष श्रीवास्तव ने कहा, “बुजुर्ग हमारे समाज की शान हैं। उनकी सेवा करना ईश्वर की पूजा के समान है। वृद्धाश्रम में रह रहे इन लोगों का दर्द समझना और उन्हें खुशियां देना हमारा कर्तव्य है।” उन्होंने लोगों से अपील की कि वे आगे आकर इन बुजुर्गों की मदद करें। जिला प्रशासन की ओर से भेजी गई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उनकी आंखों, कानों और चश्मे की जांच की। वृद्धाश्रम के संचालक कृष्ण प्रसाद गुप्ता ने कहा, “इन बुजुर्गों की सेवा करना मेरे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग अपने माता-पिता को इस हाल में छोड़ देते हैं। समाज को जागरूक होकर इन बुजुर्गों की देखभाल के लिए कदम उठाना चाहिए।” इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकारों की टीम में एसके मिर्जा, रितेश कुमार, बरुण कुमार, ऐहतेशाम, अफजल, और बुलेट मौजूद थे। सभी ने वृद्धाश्रम के बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया। यह पहल समाज के उन लोगों के लिए एक प्रेरणा है, जो अपने व्यस्त जीवन में बुजुर्गों को भूल जाते हैं। नए साल के इस सकारात्मक शुरुआत से बुजुर्गों के चेहरों पर मुस्कान देखने को मिली।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












