जहानाबाद, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पावन अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, जहानाबाद द्वारा मंडल कारा, जहानाबाद में योग एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बंदियों एवं कारा कर्मियों को योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया।
योग प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन जी सकता है। कार्यक्रम के दौरान प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ द्वारा लगातार 264वें रविवासरीय साप्ताहिक पौधरोपण अभियान के तहत मंडल कारा परिसर में छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए। उपस्थित लोगों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर काराधीक्षक अजीत कुमार ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से संतुलित तथा आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद और जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव के लिए योग अत्यंत आवश्यक है।

वहीं वृक्षारोपण को पर्यावरण संरक्षण का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम बताते हुए उन्होंने कहा कि एक वृक्ष न केवल प्राणवायु प्रदान करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण का निर्माण भी करता है। काराधीक्षक ने प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ द्वारा किए जा रहे सामाजिक, नैतिक और पर्यावरणीय कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया। वहीं दूसरी ओर प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ द्वारा पर्यवेक्षण गृह, जहानाबाद में योग एवं मोटिवेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में उपस्थित किशोरों एवं युवाओं को योगाभ्यास के साथ जीवन प्रबंधन, व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास, सकारात्मक चिंतन तथा नशामुक्त जीवन के विषय में प्रेरक मार्गदर्शन दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जीवन की कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना धैर्य, परिश्रम और सकारात्मक सोच के माध्यम से किया जा सकता है। प्रत्येक व्यक्ति के भीतर असीम संभावनाएं होती हैं, आवश्यकता केवल उन्हें पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ने की है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने, पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, अनुशासन और प्रेरणा से ओत-प्रोत रहा। इस अवसर पर जेलर भोला प्रसाद शर्मा, असिस्टेंट जेलर सुधीर कुमार, लिपिक सत्येंद्र कुमार, गायत्री परिवार के रंगेश कुमार, कौशल कुमार, कुमार श्रीकांत, दिवाकर कुमार, शिशुपाल सिंह, पर्यवेक्षण गृह के अधीक्षक शशि भूषण कुमार, गृहपति निर्भय कुमार चौबे, पिंकी कुमारी, मनीषा कुमारी, देवांशु रंजन, देवनारायण शर्मा, करण कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Jehanabad News: Yoga sessions, tree plantation drives, and motivational workshops organized at the Divisional Jail and Observation Home on International Yoga Day.


















