जहानाबाद। शहर में शनिवार को दिनदहाड़े एक महिला से एक लाख रुपये की छिनतई का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता रोते हुए नगर थाना पहुंची और पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।पीड़िता की पहचान दक्षिणी दौलतपुर मठिया निवासी शिम्पी देवी, पति प्रमोद शर्मा के रूप में हुई है। महिला के अनुसार, उसने बंधन बैंक से एक लाख रुपये का लोन लिया था। वह लोन की राशि पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में जमा करने के लिए जा रही थी।पीड़िता ने पुलिस को बताया कि जैसे ही वह बैंक परिसर के पास पहुंची, दो अज्ञात बदमाशों ने उसे किसी बहाने से बैंक से बाहर बुलाया। इसके बाद मौका मिलते ही दोनों बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसके पास मौजूद एक लाख रुपये छीन लिए और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद महिला ने शोर मचाते हुए बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन दोनों आरोपी भागने में सफल रहे। पीड़िता ने बताया कि वह लोन की पूरी राशि बैंक में जमा करने के लिए लेकर आई थी, लेकिन बदमाशों ने रकम छीन ली। घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़िता नगर थाना पहुंची और पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी तथा रुपये बरामद करने की मांग की। नगर थानाध्यक्ष श्याम पांडे के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
Jehanabad News: Woman robbed of ₹1 lakh in broad daylight while on her way to deposit a loan amount (secured against a mortgage) into PNB; miscreants flee.



















