ऑपरेशन से बच्ची को दिया था जन्म, हालत बिगड़ने पर सदर अस्पताल किया गया था रेफर; घटना के बाद परिजनों में आक्रोश
जहानाबाद। जिले के मखदुमपुर स्थित रेफरल अस्पताल में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत हो जाने से परिजनों में आक्रोश फैल गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और चिकित्सकों पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिजनों में शोक के साथ-साथ नाराजगी का माहौल है।
मृतका की पहचान कल्पा थाना क्षेत्र के शंकरगंज गांव निवासी किरण कुमारी के रूप में हुई है। वह प्रसव के लिए अपने मायके मखदुमपुर आई हुई थी। परिजनों के अनुसार, किरण की तबीयत पहले ठीक थी। प्रसव पीड़ा होने पर उसे मखदुमपुर स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। बताया जाता है कि ऑपरेशन के जरिए उसने एक बच्ची को जन्म दिया।
परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान ही किरण की हालत बिगड़ने लगी और वह गिर गई। इसके बाद अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक, सदर अस्पताल में इलाज के दौरान किरण की मौत हो गई।
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों में मातम छा गया। परिजनों ने अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर उचित उपचार और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलती, तो महिला की जान बचाई जा सकती थी।फिलहाल, महिला की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले में अस्पताल प्रबंधन या संबंधित चिकित्सकों का पक्ष सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Jehanabad News: Woman dies after childbirth at Makhdumpur Referral Hospital; family alleges negligence.



















