विशेष ग्राम सभा में योजनाओं की जानकारी, पुस्तकालय में कंप्यूटर उपलब्ध कराने और रविवार को भी संचालन का निर्देश
जहानाबाद। ‘विकसित भारत–समृद्ध बिहार’ अभियान के तहत रविवार को रतनी फरीदपुर प्रखंड की सौहरेया पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में पंचायत विकास दिवस एवं विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं, टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी से ग्रसित आठ मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि पंचायत विकास दिवस एवं विशेष ग्राम सभा का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं को सुनना और उनका नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। साथ ही, सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी आधारित सोलर प्लांट योजना की जानकारी देते हुए लोगों को अपने घरों में सोलर प्लांट लगवाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने युवाओं से प्रखंड स्तरीय युवा उत्सव में भाग लेने की अपील की। कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं और स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
पुस्तकालय में कंप्यूटर उपलब्ध कराने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने पंचायत सरकार भवन स्थित पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान पुस्तकों, वाई-फाई, विद्यार्थियों के बैठने के लिए कुर्सी-मेज और साफ-सफाई की व्यवस्था का जायजा लिया। उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को पुस्तकालय का नियमित संचालन रविवार को भी सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एक कंप्यूटर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। पंचायत सरकार भवन में सोलर प्लांट स्थापित करने का निर्देश भी दिया गया।
स्वास्थ्य उपकेंद्र का किया निरीक्षण, पौधरोपण भी
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी ने पंचायत सरकार भवन परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद स्वास्थ्य उपकेंद्र, सौहरेया का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जनसंवाद में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं
विशेष ग्राम सभा के दौरान आयोजित जनसंवाद में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मद्य निषेध एवं नशामुक्ति अभियान के तहत शपथ भी दिलाई गई। लोगों ने स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष, जिला गोपनीय शाखा के प्रभारी पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, सदर अस्पताल के अधीक्षक, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत के मुखिया सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
Jehanabad News: Villagers’ grievances were heard during ‘Vikas Diwas’ (Development Day) in Sauhreya Panchayat, and food baskets were distributed to TB patients.



















