जहानाबाद जिले के अमैन गांव में रविवार को समाजसेवी स्वर्गीय राधेश्याम शर्मा की प्रथम पुण्यतिथि श्रद्धा और भावनात्मक वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर अखिल विश्व गायत्री परिवार की युवा इकाई प्रज्ञा युवा प्रकोष्ठ, जहानाबाद द्वारा 259वें रविवासरीय साप्ताहिक पौधरोपण एवं गायत्री महायज्ञ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। उपस्थित परिजनों, ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस दौरान गांव में विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ जीवन देने की अमूल्य धरोहर भी हैं। उन्होंने कहा कि किसी प्रियजन की स्मृति में पौधरोपण करना सबसे श्रेष्ठ श्रद्धांजलि है, क्योंकि इससे समाज और प्रकृति दोनों का कल्याण होता है।गायत्री महायज्ञ के माध्यम से सकारात्मक सोच, संस्कार एवं लोकमंगल की भावना को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने “एक पेड़—एक जीवन” का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा करने की अपील की।इस अवसर पर रंगेश कुमार, धनंजय कुमार, धर्मेंद्र कुमार, डॉ. रंजीत भारतीय, अमित कुमार, मनीष कुमार, विनोद कुमार, नंदकिशोर शुक्ला, गया प्रसाद सिंह, नरेश प्रसाद सिंह तथा राम भरोसा शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Jehanabad News: Tree plantation and Gayatri Mahayagna in Aman village on the first death anniversary of social worker late Radheshyam Sharma.



















