जहानाबाद। मोदनगंज प्रखंड के परियांवा गांव में जमीन विवाद को लेकर तीन महिलाओं के साथ मारपीट की घटना के बाद शनिवार को बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायल महिलाओं और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और घटना की पूरी जानकारी ली। मंत्री ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। मारपीट की घटना में परियांवा गांव निवासी 37 वर्षीय सीमा देवी, 30 वर्षीय अर्चना देवी और 52 वर्षीय जगिया देवी घायल हुई हैं। तीनों का इलाज सदर अस्पताल में डॉ. सुनील राय की देखरेख में चल रहा है। घायल महिलाओं ने बताया कि जमीन को लेकर उनका पहले से विवाद चला आ रहा है। आरोप है कि शुक्रवार को गांव के ही करीब 10 लोग उनके घर पहुंचे और जमीन विवाद को लेकर कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया। इसके बाद आरोपितों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसमें तीनों महिलाएं घायल हो गईं। अस्पताल में पीड़ित महिलाओं और उनके परिजनों से मुलाकात के दौरान मंत्री संजय पासवान ने घटना को गंभीर और शर्मनाक बताते हुए कहा कि महिलाओं के साथ इस तरह की मारपीट किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले में निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।

मंत्री ने बताया कि लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान को भी घटना की जानकारी मिली है और उन्होंने मामले का संज्ञान लिया है। मंत्री ने अस्पताल से ही जिला पुलिस अधीक्षक को फोन कर घटना में शामिल आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद घोसी थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की ओर से दिए गए आवेदन और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के अस्पताल पहुंचने और पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद परिजनों में न्याय की उम्मीद जगी है। परिजनों ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। मंत्री ने भी स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Jehanabad News: Three women assaulted in land dispute; Minister Sanjay Paswan visits hospital, demands arrest of the accused.



















