गया डाक प्रमंडल से अलर्ट जारी, पुलिस ने शुरू की सघन जांच, तलाशी के बाद ही लोगों को प्रवेश
जहानाबाद के मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद गया डाक प्रमंडल मुख्यालय ने तत्काल जहानाबाद मुख्य डाकघर को सतर्क रहने का निर्देश जारी किया। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस सक्रिय हो गई तथा मुख्य डाकघर की सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से कड़ा कर दिया गया। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे डाकघर परिसर की सघन तलाशी शुरू कर दी। सुरक्षा एजेंसियां भवन के प्रत्येक हिस्से की बारीकी से जांच कर रही हैं। एहतियात के तौर पर डाकघर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की जा रही है और तलाशी के बाद ही उन्हें परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।

प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि धमकी भरा ई-मेल किसने भेजा और इसके पीछे क्या उद्देश्य है। साइबर माध्यम से ई-मेल की तकनीकी जांच भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल डाकघर में कोई संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और जांच में प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि धमकी वास्तविक थी या किसी की शरारत। फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
Jehanabad News: Threat to blow up the Head Post Office with a bomb; security tightened after receipt of an email.



















