शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कला-संस्कृति और पर्यावरण समेत विभिन्न क्षेत्रों में करेगी काम; निजामुद्दीनपुर में शाखा कार्यालय का भी उद्घाटन
जहानाबाद। शहर के कोर्ट एरिया स्थित होटल राजगृह में शुक्रवार को ‘नई सृष्टि’ संस्था के जागरूकता सह प्रसार कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन वरिष्ठ समाजसेवी एवं शिक्षाविद् अशोक प्रियदर्शी ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि संतोष शर्मा, डॉ. मानसी सिंह, डॉ. रोहित राज और नीतीश कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
संस्था का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कला-संस्कृति, साहित्य, संगीत, नाट्य, खेल, व्यवसाय, पर्यटन, पर्यावरण, मीडिया, कानून और मानव कल्याण समेत विभिन्न क्षेत्रों में काम करना है। संस्था के माध्यम से समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को रोजगार और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने की पहल की जाएगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रशासन के डीपीओ राजेश कुमार ने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘नई सृष्टि’ विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करते हुए समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
द विंग्स फाउंडेशन के संतोष शर्मा ने कहा कि संस्था ने समाज के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों को अपने कार्यक्षेत्र में शामिल किया है। किसी भी काम को निष्ठा और समर्पण के साथ करने का संकल्प लिया जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने शिक्षा को समाज और देश के निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से लोगों को शिक्षित करने के साथ रोजगार के अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं। व्यवसायी नीतीश कुमार ने कहा कि संस्था के कार्यक्षेत्र में रोजगार से जुड़ी व्यापक संभावनाएं हैं। योजनाबद्ध तरीके से इन क्षेत्रों में काम किया जाए तो बेरोजगारी दूर करने और लोगों को स्वावलंबी बनाने में मदद मिल सकती है। वहीं, पटना हाईकोर्ट के वरीय अधिवक्ता संजय भारती ने जरूरतमंद लोगों को कानूनी सलाह देने और मुकदमों में निशुल्क सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। कार्यक्रम में कला और संस्कृति का भी रंग देखने को मिला। नालंदा के गायक एवं गजलकार नवनीत कृष्ण तथा वरिष्ठ पत्रकार सूरज मिर्जा ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मगही कलाकार गौतम पराशर, सुधाकर राजेंद्र और नंदकिशोर ने मगही गीत-संगीत से दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, तलवारबाजी के प्रदर्शन ने लोगों को रोमांचित किया। कराटे विद्यालय की प्रमुख अणुशक्ति सिंह ने आंखों पर पट्टी बांधकर कद्दू पर तलवार चलाने का करतब दिखाया। शायरों ने अपनी रचनाओं से महफिल में समां बांध दिया।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुंबई के कलाकारों ने फिल्म ‘चिनिया बादाम’ का प्रदर्शन किया। फिल्म के निर्माता महेंद्र कुमार, निर्देशक सुल्तान अहमद तथा कलाकार तामीश सुल्तान और अभिनेत्री खुशी राजपूत सहित अन्य कलाकारों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। संस्था के निदेशक राज किशोर कुमार ने अतिथियों और सहयोगियों को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन प्रसिद्ध साहित्यकार राणा वीरेंद्र सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर भूषण कुमार सिंह ने किया।
सागर भवन में शाखा कार्यालय का उद्घाटन
मुख्य कार्यक्रम के बाद निजामुद्दीनपुर, काको रोड स्थित सागर भवन में ‘नई सृष्टि’ संस्था के शाखा कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर हरिनारायण द्विवेदी, गजलकार आनंद, ममता प्रिया, डॉ. मानसी सिंह, श्रीनिवास दास, संजय कुमार, अमृतेश मिश्रा, चितरंजन चैनपुरा, डॉ. रविशंकर शर्मा, साधना शर्मा, देवरानी देवी, सुनीता कुमारी और कन्हाई शर्मा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
Jehanabad News: The ‘Nayi Srishti’ organization is an initiative towards building a new Bihar; awareness-cum-outreach program launched.



















