DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: तेज रफ्तार का कहर: स्कॉर्पियो से बचने में ऑटो पलटा, बाइक सवार का पैर टूटा, तीन घायल



जहानाबाद: जिले के करौना थाना क्षेत्र के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की वजह से ऑटो और बाइक दोनों दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में ऑटो चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बाइक सवार का पैर टूट गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जहानाबाद से एक यात्री ऑटो रिजर्व कर पटना जा रहा था। जैसे ही ऑटो करौना थाना क्षेत्र के पास पहुंचा, उसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी और फिर अचानक ऑटो के सामने आ गई। स्थिति को भांपते हुए ऑटो चालक ने वाहन बचाने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और ऑटो डिवाइडर से टकराकर पलट गया।
इस हादसे में ऑटो चालक अकील (निवासी पंचमहला, जहानाबाद) और ऑटो में सवार प्रशांत कुमार (निवासी पटना) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं बाइक सवार राजेश कुमार सिंह (निवासी ठाकुरबाड़ी) भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिनका पैर टूटने की बात सामने आई है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सड़क से उठाकर तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही करौना थाना की गश्ती पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और प्रशासनिक वाहन से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
करौना थाना के एसआई नारायण मंडल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्राथमिकता के आधार पर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन समेत फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
डॉक्टरों के अनुसार, ऑटो चालक अकील की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। फरार स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Jehanabad News: The havoc of high speed: Auto overturned to avoid Scorpio, bike rider’s leg broken, three injured

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News