जहानाबाद जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों के बीच खौफ का माहौल है। पूर्व में शहर के घरों को टारगेट कर रहे अपराधी अब गांव की तरफ रुख किया है। प्रतिदिन चोरी की घटनाओं का सामने आना कहीं न कहीं यह बात सिद्ध कर रहा है कि अपराधियों में पुलिस का डर बिल्कुल भी व्याप्य नहीं है। जिले में अपराधी खुलेआम पुलिस को आँख दिखाते नजर आ रहे हैं।
ताजा मामला जहानाबाद जिले के टेहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत कनौली गांव का है जहां चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर लगभग 8 से 10 लाख रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और हड़कंप का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मनोज कुमार, योगेश्वर शर्मा सहित तीन लोगों के घरों में उस समय चोरी हुई, जब परिवार के सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना का खुलासा तब हुआ जब ग्रामीणों की नजर टूटे हुए ताले पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत घर मालिकों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग वापस पहुंचे और घर की स्थिति देखकर उनके होश उड़ गए। घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खाली मिली।
ये भी पढें: iPhone Underwater Photography: पानी के अंदर भी फोटो खींचेगा iPhone? Apple के नए पेटेंट ने बढ़ाई उत्सुकता
घटना की सूचना टेहटा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुफरान अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पीड़ित परिवारों ने टेहटा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
वहीं कहीं न कहीं बढ़ रही घटनाओं ने पूरे पुलिस महकमे और उनकी कार्यशैली को कटघडे में ला खड़ा किया है। बड़ा सवाल अब भी वही है कि क्या जहानाबाद की पुलिस लोगों में अपने प्रति वह भरोसा दुबारा कायम कर पायेगी की उनके रहते लोग सुरक्षित हैं या ऐसे हीं घरों से कहीं निकलने पर डरेंगे? क्या बेहतर पुलिसिंग सिर्फ सोशल मीडिया के प्रचार-प्रसार तक सीमित है या ग्राउंड जीरो पर भी इसका असर दिखेगा?
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















