नियमित वेतनमान, सेवा सुरक्षा और पेंशन की मांग को लेकर शिक्षकों का प्रदर्शन।
जहानाबाद। वित्त रहित शिक्षा नीति को समाप्त करने, वित्त रहित शिक्षण संस्थानों के समायोजन तथा शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को नियमित वेतनमान, सेवा सुरक्षा, पेंशन, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सोमवार को जहानाबाद जिला मुख्यालय में धरना-प्रदर्शन किया गया। यह कार्यक्रम बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के नेतृत्व में चल रहे राज्यव्यापी महाआंदोलन के छठे चरण के तहत आयोजित किया गया। धरना-प्रदर्शन के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपा। बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष एवं रामलखन सिंह यादव कॉलेज, जहानाबाद के प्रभारी प्राचार्य डॉ. संजय यादव ने कहा कि वित्त रहित शिक्षा नीति केवल शिक्षकों का मुद्दा नहीं है, बल्कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था और लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से भी जुड़ा हुआ है।

उन्होंने सरकार से वित्त रहित शिक्षण संस्थानों का समायोजन करते हुए शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को सम्मानजनक नियमित वेतनमान, सेवा सुरक्षा, पेंशन तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। डॉ. यादव ने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों में इस आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने जहानाबाद के सभी वित्त रहित डिग्री कॉलेजों, इंटर कॉलेजों और विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारियों, प्राचार्यों, सेवानिवृत्त शिक्षकों, अधिवक्ताओं, कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षा प्रेमियों से आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि जहानाबाद से उठी यह आवाज पूरे बिहार में शिक्षक सम्मान और शिक्षा न्याय की लड़ाई को नई मजबूती प्रदान करेगी।
Jehanabad News: Sit-in protest held in Jehanabad demanding the abolition of the ‘finance-less’ education policy; memorandum submitted to the Chief Minister.



















