DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: झुनकी के पास अनियंत्रित होकर पलटी स्कॉर्पियो, जिम संचालक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल


रात में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना, घायल को पीएमसीएच रेफर

जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र अंतर्गत झुनकी गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान मखदुमपुर थाना क्षेत्र के भाने बीघा निवासी विवेक राज उर्फ निक्की (उम्र 33 वर्ष) के रूप में की गई है, जो काको में जिम संचालक के तौर पर कार्यरत थे।


घटना के संबंध में बताया जाता है कि शनिवार देर रात तेल्हाड़ा (नालंदा) से एक शादी समारोह से लौटते समय स्कॉर्पियो गाड़ी झुनकी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। उसी दौरान रात्रि गश्ती पर निकली डायल 112 पुलिस टीम की नजर दुर्घटनाग्रस्त वाहन पर पड़ी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गाड़ी में फंसे दोनों घायलों को बाहर निकालकर सदर अस्पताल पहुंचाया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने विवेक राज को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे व्यक्ति की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में कुल चार लोग सवार थे, लेकिन हादसे के बाद दो अन्य लोगों का कोई पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि उन्हें मामूली चोटें आई होंगी और वे डर के कारण मौके से फरार हो गए।


हादसा इतना भीषण था कि स्कॉर्पियो गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, तेज रफ्तार और संभवतः चालक को झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।
इस घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Jehanabad News: Scorpio overturned uncontrollably near Jhunki, gym operator killed, one seriously injured

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News