DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: सड़क सुरक्षा को लेकर सांसद की सख्ती, नियम उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव की अध्यक्षता में बैठक, नाबालिग ड्राइविंग और जर्जर सड़कों पर चिंता

जहानाबाद में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आज संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जहानाबाद लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने की। इस दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ), जिला पदाधिकारी, सिविल सर्जन सहित कई वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और यातायात नियमों के उल्लंघन पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। खासकर राजा बाजार अंडरपास की जर्जर स्थिति को लेकर सांसद ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बैठक तक कार्य पूरा नहीं होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सांसद ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने को गंभीर समस्या बताते हुए इस पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नाबालिगों के साथ-साथ उनके अभिभावकों पर भी कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रशासन को निगरानी व्यवस्था और सख्त करने का निर्देश दिया, ताकि इस पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।


इसके अलावा प्रदूषण को लेकर भी सांसद ने चिंता जताई और वाहनों की नियमित प्रदूषण जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र वाले वाहनों पर जुर्माना लगाया जाए, क्योंकि प्रदूषण के कारण गंभीर बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। बैठक में ऑटो चालकों के लिए कलर कोड का पालन सुनिश्चित करने, ओवरलोडिंग पर रोक लगाने और यातायात पुलिस को सख्ती से नियम लागू करने के निर्देश भी दिए गए। सांसद ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सांसद ने एक सराहनीय पहल भी सुझाई। उन्होंने जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों से कहा कि यदि संभव हो तो किसी फंड या संस्था के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जाए, जिसके तहत चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट के पकड़े गए बुजुर्गों को निशुल्क हेलमेट उपलब्ध कराया जाए। इससे एक ओर जहां लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, वहीं सकारात्मक संदेश भी जाएगा। सड़क सुरक्षा को लेकर यह बैठक जिले में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में सड़क हादसों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Jehanabad News: MP’s strictness regarding road safety, instructions for strict action against rule violations

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News