साहित्य-सांस्कृतिक मैत्री सम्मेलन में गजल ‘मुहब्बत नाम है मेरा’ की हुई सराहना
जहानाबाद। भूटान की राजधानी थिम्फू में आयोजित भूटान-भारत अंतर्राष्ट्रीय साहित्य-सांस्कृतिक मैत्री सम्मेलन में जहानाबाद की साहित्यकार एवं राष्ट्रीय साहित्यिक संगठन ‘शब्दाक्षर’ की जिलाध्यक्ष सावित्री सुमन को ‘साहित्य शिरोमणि’ सम्मान से सम्मानित किया गया। तीन दिवसीय इस अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक आयोजन में भारत और भूटान के साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से साहित्य और संस्कृति के आदान-प्रदान को मजबूती प्रदान की।
सम्मेलन के दौरान आयोजित त्रिदिवसीय काव्य अनुष्ठान में सावित्री सुमन ने अपनी चर्चित गजल ‘मुहब्बत नाम है मेरा’ प्रस्तुत की। उनकी गजल को उपस्थित श्रोताओं और आयोजन समिति के सदस्यों ने खूब सराहा। प्रस्तुति के बाद कार्यक्रम में मौजूद साहित्यकारों ने उनकी रचनात्मकता और काव्य शैली की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर आयोजन समिति के प्रमुख हरेंद्र हर्ष, मुख्य अतिथि हरिमान राय, अध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र सिंह ‘वीर’ तथा कार्यक्रम संचालक राजपाल यादव ने सावित्री सुमन को प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान उनके साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी साहित्य के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय रहने की शुभकामनाएं दी गईं।
बताया गया कि सावित्री सुमन को भारतीय हिंदी साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दो वर्ष पूर्व सिंगापुर में भी अंतर्राष्ट्रीय सम्मान मिल चुका है। भूटान में मिले इस सम्मान की सूचना जहानाबाद पहुंचने के बाद स्थानीय साहित्य प्रेमियों में खुशी का माहौल है। साहित्यकारों और शुभचिंतकों ने इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए सावित्री सुमन को बधाई दी।
‘शब्दाक्षर’ बिहार एवं राष्ट्रीय इकाई के साहित्य सर्जकों ने भी उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविप्रताप सिंह, प्रदेश अध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार मिश्र ‘पद्मनाभ’, जहानाबाद के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी संतोष कुमार श्रीवास्तव, वरिष्ठ कवि महेश मधुकर, राणा वीरेंद्र सिंह, शब्दाक्षर की जिला उपाध्यक्ष ममता प्रिया तथा प्रदेश साहित्य मंत्री डॉ. मानसी सिंह ने दूरभाष के माध्यम से सावित्री सुमन को बधाई दी और उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की।
सावित्री सुमन ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मंच पर मिला यह सम्मान उनके लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि साहित्य के माध्यम से भारत और अन्य देशों के बीच सांस्कृतिक एवं मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा।
Jehanabad News: Savitri Suman receives the ‘Sahitya Shiromani’ award in Thimphu (Bhutan-India International).



















