जहानाबाद। बिहार सरकार के गन्ना उद्योग विभाग के मंत्री संजय पासवान शनिवार को जहानाबाद पहुंचे। उनके आगमन पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस दौरान पूर्व जिला पार्षद रानी कुमारी ने मंत्री संजय पासवान को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। वहीं महिला नेत्री हिंदू कश्यप सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी उनका स्वागत किया। जहानाबाद दौरे के दौरान मंत्री संजय पासवान ने विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी बात रखी।
चीनी की बढ़ती कीमत पर मंत्री ने जताई चिंता
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चीनी की बढ़ती कीमतों को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री संजय पासवान ने कहा कि चीनी की कीमत बढ़ने के पीछे एक कारण खपत में वृद्धि और गन्ने के उत्पादन में कमी है। हालांकि उन्होंने यह भी आशंका जताई कि कुछ व्यापारी चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी कर कृत्रिम रूप से कीमत बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि चीनी की कीमतों पर नियंत्रण के लिए सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि सभी जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे टीम गठित कर चीनी के कारोबारियों और थोक विक्रेताओं के यहां जांच कराएं। जांच के दौरान स्टॉक, खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज और अन्य कागजात की जांच की जाएगी। यदि कहीं जमाखोरी या कालाबाजारी पाई जाती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मंत्री संजय पासवान ने दावा किया कि सरकार की कार्रवाई के बाद दो से चार दिनों के भीतर चीनी की कीमत सामान्य होने की उम्मीद है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि चीनी की कीमत को लेकर अनावश्यक रूप से चिंतित होने की जरूरत नहीं है।
किसानों को हरसंभव सहयोग का भरोसा
गन्ना किसानों को लेकर मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने किसानों से गन्ने की खेती को बढ़ावा देने की अपील की और कहा कि गन्ना उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार में जो चीनी मिलें बंद पड़ी हैं, उन्हें जल्द से जल्द चालू कराने की दिशा में सरकार काम कर रही है। बंद चीनी मिलों को खोलने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि गन्ना किसानों को उनकी उपज का बेहतर लाभ मिल सके और राज्य में चीनी उत्पादन को बढ़ावा दिया जा सके। मंत्री के जहानाबाद पहुंचने पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से भी उन्हें अवगत कराया।
Jehanabad News: Sanjay Paswan makes a major statement on rising sugar prices; says the noose will be tightened on black marketing.



















