जहानाबाद मध्य प्रदेश में 5 से 8 जून 2026 तक आयोजित होने वाली 48वीं नेशनल आर्म रेसलिंग चैंपियनशिप में बिहार की टीम पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और जीत के जज़्बे के साथ हिस्सा लेने जा रही है। खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार का नाम रोशन करने का संकल्प लिया है। बिहार टीम में आदित्य कुमार सिंह, अविनाश कुमार मिश्रा, मनीष कुमार, कुश रंजन, प्रियांशु शर्मा, एमडी माजीन, आर्यन कुमार राव, गोलू कुमार, धर्मेंद्र शाह, विवेक पाठक, अश्विनी कुमार, डिम्पी कुमारी एवं सुमंती कुमारी शामिल हैं। सभी खिलाड़ी लंबे समय से कठिन प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास में जुटे हुए हैं। बिहार पंजा कुश्ती संगठन के महासचिव एवं चैंपियन जिम के संचालक विक्रम कुमार ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और सफल जीवन का आधार है। उन्होंने युवाओं से नशा और अन्य बुरी आदतों से दूर रहकर खेलों को अपनाने की अपील की

। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाता है तथा उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करता है। सीमित संसाधनों के बावजूद बिहार के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। खिलाड़ियों ने भी विश्वास जताया कि वे अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के दम पर बिहार के लिए पदक जीतेंगे और राज्य का नाम राष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करेंगे। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। संदेश: “नशे से दूरी, खेल से दोस्ती — यही सफलता, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य की सच्ची पहचान है।”
Jehanabad News: Players from Bihar will show their strength in the 48th National Arm Wrestling Championship



















