जहानाबाद। समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में सोमवार को जिला स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की समीक्षात्मक बैठक प्रभारी मंत्री एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री मोहम्मद जमा खान की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति के साथ संभावित बाढ़ एवं सुखाड़-2026 की पूर्व तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पिछली समीक्षा बैठक में उठाए गए मुद्दों और उनके अनुपालन की स्थिति पर चर्चा की गई। स्वास्थ्य, पीएचईडी, सिंचाई, शिक्षा, विद्युत, ग्रामीण विकास, मनरेगा, आवास, नगर निकाय एवं अन्य विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

प्रभारी मंत्री ने संभावित बाढ़ और सुखाड़ को देखते हुए संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी संसाधन तैयार रखने, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।बैठक के दौरान समिति के सदस्यों द्वारा उठाई गई शिकायतों एवं सुझावों पर गंभीरता से कार्रवाई करने तथा संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी विभागों को 10 दिनों के भीतर अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।बैठक में विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार, विधायक राहुल कुमार, रितुराज कुमार, सुबेदार दास, जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
Jehanabad News: Flood and drought preparedness and development plans reviewed, compliance report sought within 10 days



















